Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़UP election 2022: SP Singh Baghel claims - myth of Mainpuri being called Yadavland will break today

यूपी चुनाव : एसपी सिंह बघेल का दावा- मैनपुरी को 'यादवलैंड' कहे जाने का भ्रम आज टूट जाएगा

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत आज राज्य के 16 जिलों की 59 विधानसभा सीट के लिए मतदान जारी है। तीसरे चरण के चुनाव में 627 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से 97...

Praveen Sharma मैनपुरी। एएनआई , Sun, 20 Feb 2022 05:00 AM
share Share

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत आज राज्य के 16 जिलों की 59 विधानसभा सीट के लिए मतदान जारी है। तीसरे चरण के चुनाव में 627 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से 97 महिला प्रत्याशी हैं। 

तीसरे चरण में मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट (Karhal Seat) भी शामिल है, जहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल (SP Singh Baghel) और मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) आमने-सामने हैं। अखिलेश मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र से पहली बार विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं। आज इन दोनों प्रत्याशियों की किस्मत भी ईवीएम में कैद हो जाएगी।

केंद्रीय मंत्री और करहल सीट से भाजपा उम्मीदवार एसपी सिंह बघेल ने भगवान से उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए मतदान जारी रखने के लिए प्रार्थना करते हुए अपनी जीत का दावा किया। यह पूछे जाने पर कि क्या मैनपुरी को 'यादवलैंड' कहे जाने का मिथक टूटेगा? उन्होंने कहा कि यह 'मिथक निश्चित रूप से टूटेगा।'

वर्ष 2017 में भाजपा की लहर में भी सपा के सोबरन सिंह यादव ने करहल सीट पर अपनी जीत बरकरार रखी थी। अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव अपनी पारंपरिक जसवंतनगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। 

निर्वाचन आयोग कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मतदान रविवार सुबह सात बजे शुरू हो गया, जो शाम छह बजे तक चलेगा। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

तीसरे चरण में राज्य के हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा जिलों के 59 विधानसभा क्षेत्रों में तीसरे चरण में कुल 627 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। तीसरे चरण में दो करोड़ 16 लाख मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें एक करोड़ 16 लाख से अधिक पुरुष मतदाता, 99 लाख से ज्यादा महिला मतदाता और एक हजार से अधिक तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।

आयोग के अनुसार, तीसरे चरण के चुनाव में कुल 25,794 मतदेय स्थल तथा 15,557 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं और कोविड-19 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग ने हर मतदान स्थल पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1,250 तक रखने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान प्रक्रिया पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग ने 52 सामान्य प्रेक्षक, 16 पुलिस प्रेक्षक तथा 19 व्यय प्रेक्षक तैनात किए हैं और इसके अलावा 2,235 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 273 जोनल मजिस्ट्रेट, 832 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 3,069 सूक्ष्म पर्यवेक्षण भी तैनात किए गए हैं। तृतीय चरण में कुल 641 आदर्श मतदान केन्द्र तथा 129 महिला मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
तीसरे चरण वाले क्षेत्रों में कांग्रेस महासचिव एवं उत्तर प्रदेश के मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी ने कानपुर, हमीरपुर और जालौन में घर-घर जाकर प्रचार और रोड शो किया। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने औरैया एवं जालौन में जनसभा को संबोधित किया।

तीसरे चरण में जो 627 उम्मीदवार मैदान में हैं, उनमें राज्‍य सरकार के मंत्री सतीश महाना (महाराजपुर-कानपुर) एवं आबकारी मंत्री राम नरेश अग्निहोत्री (भोगांव-मैनपुरी), पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय (हाथरस - सादाबाद) भाजपा से चुनाव मैदान में हैं, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद फर्रुखाबाद सदर से कांग्रेस की उम्मीदवार हैं।

भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) छोड़कर राजनीति में उतरे असीम अरुण भी इसी चरण में कन्नौज के सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर अपनी राजनीतिक किस्मत आजमा रहे हैं। वर्ष 2017 में भाजपा ने तीसरे चरण की 59 सीट में से कुल 49 सीट जीती थी, जबकि सपा को सिर्फ नौ सीट से संतोष करना पड़ा था। कांग्रेस को एक सीट मिली थी, जबकि बहुजन समाज पार्टी को एक भी सीट नहीं मिल सकी थी।

पहले चरण में 10 फरवरी को 58 और दूसरे चरण में 14 फरवरी को 55 सीट पर मतदान संपन्न हो चुका है। राज्य में सात चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव के सातवें चरण का मतदान सात मार्च को होगा। परिणाम 10 मार्च को आएंगे। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें