Hindi NewsUttar-pradesh NewsSaharanpur NewsResidents of Salman Colony Demand Urgent Development and Basic Amenities

बोले सहारनपुर : खाताखेड़ी को चाहिए विकास की ‘डगर

Saharanpur News - सलमान कॉलोनी के निवासी वर्षों से विकास की कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। टूटी सड़कों, धूल और सीवर व्यवस्था की कमी से स्वास्थ्य समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं। बिजली की अनियमित सप्लाई और...

Newswrap हिन्दुस्तान, सहारनपुरSun, 16 Feb 2025 01:22 PM
share Share
Follow Us on
बोले सहारनपुर : खाताखेड़ी को चाहिए विकास की ‘डगर

सलमान कॉलोनी के निवासी वर्षों से विकास की बाट जोह रहे हैं। उनकी समस्याओं का समाधान अब एक प्राथमिक आवश्यकता बन चुकी है। यह समय है कि प्रशासन इस क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दे और यहां के लोगों को एक बेहतर जीवन जीने का अवसर मिले। यहां के लोगों को सबसे बड़ी समस्या टूटी सड़क और इससे उड़ी धूल है। जिससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। शहर के खाताखेड़ी में स्थित वार्ड 36 की सलमान कॉलोनी की स्थिति विकास के मामलों में बेहद दयनीय है। कॉलोनी में रहने वाले 50,000 से अधिक लोग वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनका कहना हैं कि शायद उनकी समस्याएं ना तो किसी अधिकारी के संज्ञान में आयी हैं और ना ही प्रशासनिक स्तर पर इन्हें हल करने के लिए कोई ठोस कदम उठाए गए हैं। सलमान कॉलोनी के निवासी ना सिर्फ विकास की कमी से जूझ रहे हैं, बल्कि उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में बुनियादी जरूरतों की पूर्ति के लिए भी कड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

सलमान कॉलोनी में रहने वाले लोग सबसे बड़ी समस्या के तौर पर सड़कें और धूल की समस्या हैं। कॉलोनी की अधिकतर सड़कें पक्की नहीं हैं, जो बारिश में कीचड़ से लबालब भर जाती हैं और गर्मियों में धूल के गुबार से वातावरण को दमघोंटू बना देती हैं। यहां के निवासी खुद ही पानी छिड़ककर धूल से राहत पाने की कोशिश करते हैं, लेकिन यह अस्थायी समाधान होता है।

खासकर बच्चों, बुजुर्गों और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्थिति बहुत कठिन हो जाती है। सड़कों पर भी सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण सड़कें हमेशा गंदगी और धूल से भरी रहती हैं, जो ना सिर्फ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य का खतरा हैं, बल्कि यातायात में भी बाधा उत्पन्न करती हैं।

एक और बड़ी समस्या है कॉलोनी में सीवल लाइन का ना होना। सलमान कॉलोनी में सीवर की कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। बारिश के दिनों में यह समस्या और भी विकराल रूप धारण कर लेती है। जगह-जगह गंदे पानी के भरने से ना सिर्फ बदबू फैलती है, बल्कि यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनता है।

-------

बिजली की समस्या और तारों का जंजाल

सलमान कॉलोनी में बिजली की सप्लाई भी बड़ा मुद्दा बन चुकी है। अधिकांश घरों तक बिजली की सही सप्लाई नहीं पहुंच पाती। कॉलोनी में नीचे लटके हुए बिजली के तार किसी भी समय हादसे का कारण बन सकते हैं। इन तारों के जंजाल में रहने वाले लोग हमेशा एक भय के साथ जीते हैं। खासकर बच्चों के लिए यह स्थिति बहुत खतरनाक है, क्योंकि वे इन तारों के संपर्क में आ सकते हैं और कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों का कहना है कि यह स्थिति वर्षों से बनी हुई है, लेकिन प्रशासन ने आज तक इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।

----

समस्या पर नहीं दिया जा रहा ध्यान

कॉलोनी के लोग अपनी पीड़ा को साझा करते हुए कहते हैं कि यह समस्या वर्षों से चली आ रही है, लेकिन किसी प्रशासनिक अधिकारी ने कभी इस पर ध्यान नहीं दिया। पानी की निकासी के लिए कोई समाधान नहीं है और आज तक नाला निर्माण का कोई काम नहीं हुआ है। यही नहीं सलमान कॉलोनी की सफाई की स्थिति भी बहुत ही खराब है।

----

कॉलोनीवासियों का संघर्ष

कॉलोनी में एक बड़ा हिस्सा मजदूरों का है, जो अपनी मेहनत और दिनरात की कमाई से जीवन यापन करते हैं। यह लोग रोजमर्रा की जिंदगी में अत्यधिक परेशानी का सामना करते हैं, क्योंकि कॉलोनी में कोई उचित सुविधाएं नहीं हैं। इन मजदूरों के पास ना तो रहने के लिए ठीक स्थान हैं, और न ही स्वच्छता और बिजली जैसी बेहतर बुनियादी सुविधाएं। इनका जीवन संघर्षपूर्ण है और इन्हें अपनी समस्याओं का समाधान कभी नहीं मिलता।

सुझाव और शिकायतें

1. सड़कों को पक्का बना जाए और नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाए।

2. कॉलोनी में सीवर लाइन हो, ताकि गंदा पानी सड़कों पर ना बहने पाए।

3. बिजली के तारों की स्थिति सही हो और अव्यवस्थित तारों की स्थिति को ठीक किया जाए।

4. सफाईकर्मियों की नियुक्ति की जाए ताकि सफाई हो सके।

----

1. कॉलोनी की खराब सड़कें और वहां उड़ती धूल से परेशानी।

2. सीवर लाइन व्यवस्था का ना होना।

3. बिजली के तार लटके तारों से हादसे का रहता है खतरा।

4. नालों का निर्माण किया जाए और पानी की निकासी के लिए उचित नहीं होने से भी परेशानी बढ़ रही।

वर्जन

कॉलोनी की समस्याओं के समाधान के लिए हम नगरायुक्त और मेयर को अवगत करा चुके हैं। नाले के लिए सर्वे भी किया जा चुका हैं, वार्ड में सभी सुविधाओं को लाने के लिए कार्य किया जा रहा हैं। -डॉ अहतशाम, पार्षद पति

सीवर की व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी हर जगह फैला रहता है। यह स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। इसके लिए एक ठोस कदम उठाया जाना चाहिए। ताकि लोगों को इससे राहत मिल सके। -मौ गफ्फार

गंदगी और धूल के कारण कई बार बीमारियां फैलती हैं। बुजुर्गों का इस स्थिति से जूझते हुए जीना कठिन हो गया है। प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए।

-सरफराज

कॉलोनी में सड़कों की हालत बहुत खराब है। हर बार बारिश में कीचड़ की समस्या होती है। पक्की सड़कें चाहिए ताकि स्थानीय लोगों और राहगीरों को आसानी हो।

-मौ मतलूब

कॉलोनी में सीवर की कोई व्यवस्था नहीं है और गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। जिससे स्कूली छात्रों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कॉलोनी को एक उचित सीवर सिस्टम की आवश्यकता है। -मौ गय्यूर

कॉलोनी में सड़कें बहुत खराब हैं। बारिश के दौरान कीचड़ से मुश्किल होती है। अगर सड़कें पक्की हों तो वातावरण भी बेहतर हो सकता है और लोगों को भी सुविधा मिलेगी। -समीर राणा

जल निकासी की व्यवस्था बहुत खराब है। बारिश में सारा गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। इससे ना सिर्फ बदबू फैलती है, बल्कि स्वास्थ्य पर भी असर पड़ता है। -डॉ शोएब

कॉलोनी में सीवर लाइन नहीं है और गंदा पानी सड़क पर बहता है। प्रशासन को इसे लेकर सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि लोगों की समस्याएं दूर हो सकें।

-शकील राणा

यहां की सड़कें बहुत खस्ता हालत में हैं। छोटे बच्चे और बुजुर्ग अक्सर गिर जाते हैं। अगर सड़कें ठीक हों तो इससे दुर्घटनाएं कम हो सकती हैं। -मौ गुलजार

सड़कें तो खराब हैं ही, लेकिन कॉलोनी में भी कोई साफ-सफाई नहीं होती। स्थानीय लोगों के लिए भी यह एक बड़ी समस्या है, जिससे जीवन प्रभावित होता है। - मौ आलिम

कॉलोनी में बिजली की सप्लाई भी ठीक नहीं है। कभी भी लाइट चली जाती है और घंटों तक बिजली नहीं आती। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। -सलमान

स्वच्छता की स्थिति बहुत खराब है। सफाईकर्मी कभी नहीं आते और कचरा सड़कों पर पड़ा रहता है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह बेहद खतरनाक है। -शाहआलम

बिजली के तारों का जंजाल हमेशा खतरे में डालता है। कभी भी दुर्घटना हो सकती है, क्योंकि तार लटके हुए हैं और कई जगहों पर खुला है।

-अब्दुल मन्नान

सड़कें कच्ची हैं और धूल बहुत उड़ती है। बच्चों और बुजुर्गों को इस धूल से सांस लेने में समस्या होती है। यह स्वास्थ्य के लिए भी खतरनाक है।

-आस मोहम्मद

कॉलोनी में शिक्षा और अन्य सुविधाओं की कमी है। स्कूलों तक जाने के लिए कोई बेहतर सड़कें भी नहीं हैं। यह बहुत असुविधाजनक है। इसका समाधान हो। -मौ मुदस्सिर

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें