जीवन को बेहतर बनाने में इसरो का अहम योगदान : डॉ. सोमनाथ
Prayagraj News - सीएमपी डिग्री कॉलेज में विशेष व्याख्यान में डॉ. एस. सोमनाथ ने इसरो के अंतरिक्ष कार्यक्रम की यात्रा और चंद्रयान-1, 2, 3 जैसे ऐतिहासिक मिशनों पर चर्चा की। उन्होंने गगनयान और अन्य भविष्य के मिशनों की...
सीएमपी डिग्री कॉलेज के भौतिक विज्ञान और इनोवेशन काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को विशेष व्याख्यान हुआ। मुख्य अतिथि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस. सोमनाथ ने इसरो के अंतरिक्ष कार्यक्रम की यात्रा पर चर्चा की। चंद्रयान -1, 2 और 3 सहित भारत के ऐतिहासिक मिशनों पर प्रकाश डाला। उन्होंने इसरो के आगामी अंतरिक्ष प्रयासों जैसे कि गगनयान मिशन के साथ-साथ शुक्र और मंगल के भविष्य के कक्षीय मिशनों के बारे में जानकारी दी। डॉ. सोमनाथ ने नासा और अन्य वैश्विक अंतरिक्ष एजेंसियों के साथ इसरो के चल रहे सहयोग पर जोर देते हुए रॉकेट प्रौद्योगिकी में महत्वपूर्ण प्रगति को भी रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि ‘नैसर उपग्रह ज्ञान को आगे बढ़ाने और मानवता को लाभान्वित करने के उद्देश्य से बनाया गया अब तक का सबसे महंगा उपग्रह है।
डॉ. सोमनाथ ने कहा कि जीवन को बेहतर बनाने में इसरो की प्रौद्योगिकियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने इसरो की महत्वाकांक्षी विजन 2047 योजना में अंतर्दृष्टि साझा की, जिसका उद्देश्य अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी को आगे बढ़ाना है ताकि राष्ट्र को वैज्ञानिक और तकनीकी उपलब्धि के एक नए युग में आगे बढ़ाया जा सके। इस अवसर पर प्रो. सरिता श्रीवास्तव, गवर्निंग बाडी के चेयरमैन अध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार सिन्हा, प्रो. राकेश कुमार, प्राचार्य प्रो. अजय प्रकाश खरे आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।