Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़NPSS app advises farmers on plants disease and treatment instantly with just a photo

किसानों के लिए गुड न्यूज, बीमार पौधे की फोटो डालते ही ऐप बताएगा बीमारी और इलाज

  • कृषि विभाग का NPSS ऐप किसानों को उनकी फसल की बीमारी और उसे ठीक करने के उपाय फौरन बता देता है। बस एक फोटो अपलोड करने भर से सारी जानकारी मोबाइल पर मिल जाती है।

Ritesh Verma हिन्दुस्तान टीम, कानपुर, प्रमुख संवाददाताTue, 25 Feb 2025 10:16 PM
share Share
Follow Us on
किसानों के लिए गुड न्यूज, बीमार पौधे की फोटो डालते ही ऐप बताएगा बीमारी और इलाज

फसल में रोग लग रहा है लेकिन किसान पहचान ही नहीं पा रहे हैं कि यह कौन सी बीमारी है? जब बीमारी ही नहीं पता तो फिर इलाज क्या हो और कैसे हो? लेकिन अब इसका सुपरफास्ट समाधान मिल गया है। अपने मोबाइल में एनपीएसएस ऐप डाउनलोड कर लें। बीमार पौधे की फोटो खींचते ही रोग की पहचान के साथ-साथ उसके उपचार की सलाह भी मिल जाएगी।

कृषि विभाग ने किसानों की सहायता के लिए राष्ट्रीय कीट निगरानी प्रणाली (एनपीएसएस) में ऐप बनवाया है जो एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से जुड़ा है। इस ऐप को डाउनलोड करना बेहद सुरक्षित है। गूगल प्लेस्टोर से इसे डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप खुलते ही किसान को पेस्ट आइडेंटिफिकेशन पर क्लिक करना होता है। इसके बाद पौधे की फोटो कैमरे से खींच सकते हैं। यदि फोन में फोटो पहले से है तो गैलरी से भी सेलेक्ट करने का विकल्प होता है। फोटो अपलोड करते ही पौधे को लगे रोग और कीट की जानकारी ऐप पर आ जाती है।

ऐप पर दिखाई गई जानकारी को कागज पर नोट कर लें। इसके बाद ऐप पर क्वालिटेटिव विकल्प को सेलेक्ट करना होता है। यहां पौधे पर लगे रोग और कीट की सूचना दर्ज करनी होती है। यह जानकारी सबमिट करते ही ऐप फसल एडवाइजरी देता है। इसमें फसल पर लगे रोग और कीट की रोकथाम की दवा लिखकर आ जाती है। कितने रकबा के खेत में दवा की कितनी मात्रा पानी में मिलाकर छिड़काव करना है, ये सारी बात भी विस्तार से लिखी होती है।

कृषि रक्षा अधिकारी के सुझाव का नहीं करना होगा इंतजार

हर सीजन में फसल को लगने वाले रोग और कीटों को लेकर कृषि रक्षा विभाग एडवाइजरी जारी करता रहता है। इसकी जानकारी किसानों तक नहीं पहुंच पाती है। ऐप की सुविधा से हर किसान अपनी फसल के इलाज के लिए खुद डॉक्टर बन सकेगा। कृषि विभाग के उप निदेशक अरुण चौधरी ने बताया कि एनपीएसएस ऐप पर फसलों के रोग और कीटों की रोकथाम की जानकारी किसान ले सकते हैं। ऐप पर बेहद सरल और सुलभ परामर्श किसानों को मिलेंगे।

अगला लेखऐप पर पढ़ें