Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़MLA manju tyagi highhandedness during nomination for post director cooperative society Kheri form snatched video viral

सहकारी समिति संचालक पद के नामांकन में बीजेपी विधायक की दबंगई, पर्चा छीनने का वीडियो वायरल

  • यूपी के लखीमपुर खीरी में सहकारी समिति के संचालक पद के नामांकन के दौरान सपा-भाजपा कार्यकर्ता भिड़ गए। नामांकन के दौरान पहुंची भाजपा विधायक ने सपाइयों पर आरोप लगाते हुए पर्चा तक छीन लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Dinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, लखीमपुर खीरीThu, 12 Sep 2024 01:32 PM
share Share

यूपी के लखीमपुर खीरी में सहकारी समिति के संचालक पद के नामांकन के दौरान जबरदस्त हंगामा हुआ। नामांकन के दौरान सपा और भाजपाई आपस में भिड़ गए। इस दौरान भाजपा विधायक की दबंगई भी देखने को मिली। विधायक ने पुलिस अफसरों के सामने ही पर्चा छीन लिया और उसे फाड़ डाला। विधायक के पर्चा फाड़ने का किसी ने वीडियो बनाया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

गुरुवार को चार समितियों पर संचालक पद के लिए नामांकन होना था। सुबह से ही गहमागहमी का माहौल बना था। फूलबेहड़ साधन सहकारी समिति में दोपहर के बाद बखेड़ा हो गया। फूलबेहड़ में समिति चुनाव के पर्चा खरीदने और नामांकन दाखिल करने के लिए सपा और भाजपा के नेता व समर्थक जमा थे। सपा की ओर से पूर्व विधायक राम सरन, विनय तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल मौजूद थे। आरओ के आने के बाद नामांकन पर्चा खरीदने की प्रक्रिया शुरू हुई। इस बीच श्रीनगर सीट से भाजपा विधायक मंजू त्यागी आ गईं। उनके साथ तमाम समर्थक भी थे। यहां नामांकन को लेकर दोनों पक्षों में हंगामा होने लगा। इसके बाद समिति के अंदर जाने और नामांकन पत्रों की जल्द वितरण करने की मांग कर हंगामा शुरू कर हो गया। इससे पुलिस से खूब धक्कामुक्की हुई। इसके बाद पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं व लोगों को परिसर से 200 मीटर दूर रहने को कहा।

एसडीएम सदर अश्वनी सिंह ने समझाबूझा कर मामला शांत करने की कोशिश की। पर हंगामा बढ़ता ही चला गया। इसके बाद कार्यकर्ता पुलिस से उलझ गए। पुलिस ने खदेड़ने के लिए लाठी चला दी। इस लाठीचार्ज के बाद भदगड़ मच गई। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें श्रीनगर सीट से भाजपा विधायक मंजू त्यागी की दबंगई साफ नजर आई। वीडियो में मंजू त्यागी पर्चा छीनते नजर आईं। यहीं नहीं वह नामांकन कक्ष से कागज और रजिस्टर भी उठाकर ले जातीं नजर आ रही हैं। वीडियो में वह एक अधिकारी के साथ से कागज छीनती दिख रही हैं। सपा ने भाजपा विधायक पर परचा छीनने और फाड़ने के आरोप लगाए। सपा जिलाध्यक्ष रामपाल यादव व पूर्व जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पर्चे छीने हैं। यह खुली धांधली है। विरोध करने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसमें आठ कार्यकर्ता जख्मी हो गए। एक का हाथ टूट गया है।

विधायक बोलीं-कार्यकर्ता के लिए गई थी

उधर वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा विधायक मंजू त्यागी ने बताया कि वहां सपा के लोग गड़बड़ी करा रहे थे। पूर्व विधायक राम सरन, विनय तिवारी समेत तमाम सपा नेता खड़े थे और बार-बार कमरे में घुसकर हमारे कार्यकर्ताओं से पर्चा छीन रहे थे। मुझे गड़बड़ी की सूचना मिली तो कक्ष के अंदर गई थी। मैंने कोई पर्चा न छीना, न फाड़ा है। वह वीडियो भी लाइए, जिसमें सपा के लोग गुंडागर्दी कर रहे हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें