Hindi NewsUttar-pradesh NewsMainpuri NewsUnder Bridges in Mainpuri Create Trouble for Locals During Rainy Season

बोले मैनपुरी: इंतिहा ये है कि अब मरना भी मुश्किल हो गया

Mainpuri News - मैनपुरी में कोसमा से मोटा रेलवे स्टेशन तक बनाए गए 18 अंडर ब्रिज बारिश के दौरान जलभराव का शिकार हो गए हैं। स्थानीय लोग इनसे आवागमन में दिक्कत महसूस कर रहे हैं, क्योंकि इन अंडर ब्रिज में 10 फीट तक पानी...

Newswrap हिन्दुस्तान, मैनपुरीFri, 7 March 2025 03:57 AM
share Share
Follow Us on
बोले मैनपुरी: इंतिहा ये है कि अब मरना भी मुश्किल हो गया

मैनपुरी। जनपद की सीमा क्षेत्र में कोसमा रेलवे स्टेशन से लेकर मोटा रेलवे स्टेशन तक रेलवे लाइन के नीचे 18 अंडर ब्रिजों का निर्माण कराया गया तो स्थानीय लोगों को लगा कि उनके दैनिक आवागमन का एक बेहतर साधन रेलवे ने उपलब्ध करा दिया है। लेकिन जैसे ही पहली बरसात हुई तो बनाए गए ज्यादातर इन अंडर ब्रिज में 10-10 फीट तक पानी भर गया। यह पानी बरसात के दिनों में लगातार चार महीने तक अंडर ब्रिज में भरा रहता है। जिससे आवागन में काफी दिक्कत होती है। हिन्दुस्तान के बोले मैनपुरी संवाद के दौरान अंडर ब्रिज से आवागमन करने वालों ने अपनी बात की और कहा कि इस समस्या का समाधान रेलवे प्रशासन को करना चाहिए। शिकोहाबाद वाया मैनपुरी फर्रुखाबाद रेलवे लाइन को पार करने के लिए रेलवे ने अंडरब्रिज तो बना दिए लेकिन यह अंडरब्रिज जनपद के लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुके हैं। बरसात के दिनों में इन अंडर ब्रिज में 10-10 फीट तक पानी भर जाता है। जिससे आवागमन पूरी तरह से बंद हो जाता है। लोगों को अपने-अपने घरों में कैद होने पर मजबूर रहना पड़ता है। स्कूल कॉलेज आने जाने वाले बच्चों के सामने आवागमन की बड़ी समस्या पैदा हो गई है, वहीं किसानों के सामने अपने उत्पादन को मंडी ले जाने के लिए कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ता है।

सवाल यह है कि यह सुविधा लोगों के सुलभ आवागमन के लिए उपलब्ध कराई गई। लेकिन यह सुविधा लोगों के लिए बहुत बड़ी मुसीबत बन चुकी है। किसान दीनबंधु, राजकिशोर, रघुपाल, रामबाबू, हीरालाल का कहना है कि अंडरब्रिज आवागमन के लिए तो बेहतर इंतजाम हैं लेकिन यहां रेलवे प्रशासन ने बरसात के दिनों में भरने वाले पानी की निकासी का कोई इंतजाम नहीं किया। भूगर्भीय निकासी का इंतजाम भी हो जाता तो भी एक बहुत बड़ी समस्या का समाधान हो जाता। लेकिन रेलवे प्रशासन के पास इन शिकायतों का कोई समाधान नहीं है और न ही रेलवे के अधिकारी इन शिकायतों को गंभीरता से ले रहे हैं। रात के समय अंडरब्रिज अंधेरे में डूब जाते हैं। आवागमन के दौरान सुरक्षा का खतरा रहता है। लेकिन फिर भी रेलवे प्रशासन सुरक्षा प्रबंधन के दृष्टिगत अंडरब्रिज के अंदर लाइटों का इंतजाम नहीं कर रहा। लोगों का कहना है कि रेलवे प्रशासन अंडर ब्रिज में जलभराव की निकासी का समाधान कर दे तो यह अंडर ब्रिज लोगों के सुलभ यातायात के लिए बड़ा साधन बन जाएंगे।

रेलवे लाइन के नीचे अंडरब्रिज बनाकर आवागमन का साधन आसान किया गया है, लेकिन यह आवागमन का साधन बरसात के दिनों में लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन रहा है। इस समस्या का समाधान रेलवे को तत्काल करना चाहिए।

-विद्याराम राजपूत

रेलवे ने मैनपुरी में जितने भी अंडर ब्रिज बनाए हैं वे सभी जलभराव के शिकार हैं। यहां जल निकासी का कोई इंतजाम न होने से अंडरब्रिज के नीचे पानी भर जाता है और लोग आवागमन नहीं कर पाते। कहीं-कहीं तो साल भर जलभराव की समस्या रहती है।

-कन्हीलाल शाक्य

आवागमन के लिए अंडरब्रिज बनाकर रेलवे ने अच्छा काम किया लेकिन अंडरब्रिज में रात के समय अंधेरा छाया रहता है। प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं है। जिससे घटनाएं होती रहती हैं। इन घटनाओं को रोकने के लिए प्रकाश व्यवस्था की जाए।

-प्रीतम राजपूत

अंडर ब्रिज के आसपास के दर्जनों ग्राम के लोग बरसात के दिनों में घरों में कैद होने पर मजबूर रहते हैं। क्योंकि अंडरब्रिज में पानी भर जाता है और निकलने के लिए कोई और रास्ता नहीं बचता। इस समस्या का समाधान होना चाहिए।

-दिलीप कुमार

रेलवे अंडरब्रिज के नीचे जो भी पानी भरता है उस पानी की निकासी का कोई भूगर्भीय इंतजाम करें। जो भी पानी आए वह जमीन के अंदर चला जाए तो आवागमन आसान बना रहेगा और जलभराव की समस्या का भी समाधान हो जाएगा।

-गजराज जाटव

अंडरब्रिज के ऊपर से रेलवे लाइन निकली है। जलभराव के दौरान लोग इस रेलवे लाइन को पार करके पैदल आवागमन करते हैं। जिससे खतरा बना रहता है। अच्छा हो कोई अतिरिक्त इंतजाम करके आवागमन की व्यवस्था कराई जाए।

-दिलीप शाक्य

अंडरब्रिज में बरसात के दिनों में पानी भरने से लोग आसपास के इलाकों में आवागमन नहीं कर पाते और जो लोग करते हैं वह इसी पानी के अंदर से होकर निकलने पर मजबूर हैं। इस पानी में कभी-कभी सांप भी आ जाते हैं जो खतरा है।

-महिपाल सिंह

जहां अधिक ग्रामीणों का आवागमन रहता है वहां रेलवे को ओवरब्रिज की व्यवस्था करनी चाहिए। क्योंकि पैदल आवागमन के जरिए लोग अपने घरों तक तो पहुंच सके। स्कूल जाने वाले बच्चे भी अंडरब्रिज में खतरों में रहकर आवागमन करते हैं।

-केबी मिश्रा, एडवोकेट

भोगांव के तखरऊ से लेकर मैनपुरी के कोसमा रेलवे स्टेशन के बीच में 18 अंडरब्रिजों का निर्माण किया गया है। अब सवाल यह है कि रेलवे ने अपनी रेल को सुरक्षित दौड़ने का इंतजाम तो कर लिया लेकिन लोगों के लिए समस्या खड़ी कर दी है।

-लाखन सिंह

रेलवे को रेलवे लाइन के किनारे सड़क निर्माण कराकर 5-5 किमी पर ओवर ब्रिज बना देने चाहिए। इससे अंडर ब्रिज में होने वाले जलभराव की समस्या का समाधान होगा। लोगों को आवागमन करने के लिए एक सुरक्षित स्थान भी मिल जाएगा।

-नीरज राजपूत

हरचंदपुर के निकट रेलवे लाइन पर बनाया गया अंडरब्रिज साल भर लोगों की समस्या का कारण बना हुआ है। यहां के लोग अंडरब्रिज के नीचे जल भराव और अंधेरा होने के चलते आवागमन के दौरान परेशानियों का सामना करते हैं। समस्या का समाधान किया जाए।

-अंकित कुमार

रात के समय अंडरब्रिज के नीचे से आवागमन में सुरक्षा का खतरा रहता है। चोर उचक्के लोगों के साथ घटनाएं कर देते हैं। इन घटनाओं पर पुलिस भी कोई कार्रवाई नहीं करती। लोगों के साथ अक्सर घटनाएं होती रहती हैं। डर दूर किया जाए।

-नेम सिंह यादव

रात के समय अंडरब्रिज के नीचे से आवागमन करने में डर लगता है। अंडरब्रिज के नीचे रोशनी की व्यवस्था रेलवे प्रशासन को करनी चाहिए। ताकि आवागमन के दौरान सुरक्षित आवागमन करने के साधन मिल सकें। इसकी बहुत जरूरत है।

-शिव कुमार

भोगांव से लेकर मैनपुरी तक जितने भी गांव हैं वह रेलवे लाइन के किनारे अधिक हैं। इन गांवों के लोग बाजारों में जाते हैं। बरसात के दिनों में अंडर ब्रिज के नीचे पानी भरा मिलता है। बाजार से लाया गया सामान पानी में डूब कर खराब हो जाता है।

-धीरेंद्र सिंह

बरसात के दिनों में ट्रैक्टर और लोडर वाहन ओवर ब्रिज के नीचे से निकालने में बड़ी समस्या आती है। साइकिल सवार, बाइक सवार अंडर ब्रिज के नीचे भरे पानी में फस जाते हैं। कभी-कभी तो उनके साथ जानलेवा हादसा भी होता रहता है।

-जागेश्वर राजपूत

रेलवे अंडर ब्रिज में बरसात के दिनों में समस्या सबसे अधिक रहती है। पानी भरा होने के चलते गुजरने में डर लगता है। रात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है। अंधेरे में पानी में कैसे घुसें। रोशनी की भी रेलवे को व्यवस्था करनी चाहिए।

-दिनेश शाक्य

किसानों के सामने अपने उत्पादन मंडियों में ले जाने में बड़ी समस्या रहती है। किसान बरसात के दिनों में मूंगफली, बाजारा, मक्का जैसी फसलों को बाजारों में ले जाता है। लेकिन अंडरब्रिज में पानी होने से उत्पादन खराब होता रहता है।

-सुबोध राजपूत

बरसात के समय एक अंडरब्रिज पर समस्या नहीं होती। इसके अलावा सभी पर जलभराव रहता है। इसकी अधिकारियों से शिकायत की जाती है तो भी सुनवाई नहीं होती। रेलवे अंडर ब्रिज में लाइटें लगें और पानी का निकास हो।

-अनामिका मिश्रा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।