केजीएमयू से इलाज करा लौट रही महिला से छेड़छाड़, बेटे को पीटा
Lucknow News - - नाका पुलिस ने दो आरोपिातें को किया गिरफ्तार, तीन की तलाश लखनऊ, संवाददाता केजीएमयू

केजीएमयू से इलाज करा कर बेटे संग घर लौट रही महिला से चारबाग में शोहदों ने छेड़छाड़ की। मां से अभद्रता होते देख बेटे ने विरोध किया। इस पर शोहदों ने सरेराह युवक पर हमला कर दिया। उसे दौड़ा कर पीटा। चारबाग मेट्रो स्टेशन के पास हुई वारदात से भगदड़ मच गई। पुलिस ने दो आरोपितों को दबोच लिया। महिला के बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। हरदोई कछौना निवासी महिला बेटे के साथ इलाज कराने के लिए सोमवार को केजीएमयू आई थी। अस्पताल से लौट कर मां-बेटे हरदोई जाने के लिए चारबाग रेलवे स्टेशन जा रहे थे। बेटे के मुताबिक मेट्रो स्टेशन के पास गन्ने के जूस का स्टॉल लगा था।
वह मां के साथ स्टॉल के पास खड़ा था। आरोप है कि स्टॉल पर मौजूद दो युवकों ने महिला के साथ अभद्रता की। पीड़िता ने आरोपितों की हरकतों का विरोध किया। इस पर आरोपित गाली देने लगे। बेटे ने गाली देने से मना किया। यह बात आरोपितों को बर्दाश्त नहीं हुई। सड़क पर दौड़ा कर पीटा, मची भगदड़ पीड़ित के मुताबिक जूस स्टॉल पर मौजूद लोगों ने गाली देने के बाद हमला बोल दिया। मां-बेटे को शोहदों ने बीच सड़क दौड़ा कर पीटा। मेट्रो स्टेशन के पास मारपीट होने से भगदड़ मच गई। कुछ लोगों ने आरोपितों को रोकने का प्रयास किया। इस बीच डॉयल 112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने दो आरोपितों को दबोचा। वहीं, तीन लोग भाग निकले। इंस्पेक्टर वीरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि महिला के बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मारपीट और अभद्रता करने के आरोप में बस्ती निवासी हीरालाल और मंगल कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।