Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़लखीमपुरखीरीcage was set up to catch tiger Lakhimpur forest worker got stuck was rescued after two hours watch video

VIDEO: बाघ पकड़ने के लिए लगाया पिंजरा, फंस गया वन कर्मी, दो घंटे बाद निकाला गया

  • लखीमपुर के दक्षिण खीरी में बाघ प्रभावित इलाके महेशपुर में अनोखा वाक्या शनिवार को हुआ। हुआ यह कि लगाए गए पिंजरे के ट्रायल के लिए एक वन कर्मी पिंजरे में घुसा और उसी में फंसकर रह गया। काफी देर तक उसके साथियों ने कोशिश की, लेकिन पिंजरा नहीं खुला।

Dinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, लखीमपुर खीरी, गोला गोकर्णनाथSat, 31 Aug 2024 12:05 PM
share Share

यूपी के लखीमपुर के दक्षिण खीरी में इन दिनों बाघ की दहशत है। आए दिन बाघ किसी न किसी को अपना शिकार बना रहा है। बाघ को पकड़ने के लिए वन विभाग ने क्षेत्र में ऑपरेशन टाइगर चलाया गया। इसके लिए विभाग ने बाघ प्रभावित इलाके महेशपुर में एक पिंजरा लगाया। पिंजरे के ट्रायल के लिए एक वन कर्मी पिंजरे में घुसा। पिंजरे में बाघ फंसता इससे पहले वनकर्मी ही पिंजरे में फंसकर रह गया। काफी देर तक उसके साथियों ने कोशिश की, लेकिन पिंजरा नहीं खुला। उधर अंदर बंद वनकर्मी घबराकर रो पड़ा। बाद में पिंजरे का हुक तोड़ना पड़ा, तब जाकर वह युवक बाहर आया। वन विभाग का तर्क है कि पिंजरे का गेट खराब था। पिंजरे में फंसे वन कर्मी का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मामला महेशपुर वन रेंज के इमलिया का है। यहां बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए हैं। कुल चार पिंजरे लगे हैं। इनमें से एक पिंजरे की चेकिंग व ट्रायल में एक वन कर्मी लगा हुआ था। वह पिंजरे के अंदर था कि उसका गेट बंद हो गया। इसके बाद अन्य वनकर्मियों ने पिंजरे का गेट खोलकर उसे निकालने की कोशिश की, लेकन गेट ही नहीं खुल सका। इसके बाद तो वन कर्मियों के हाथ पांव फूल गए। पिंजरे के अंदर बंद कर्मचारी का हाल खराब था। जब पिंजरा नहीं खुला तो अंदर बंद वन कर्मी रोने लगा और मदद की गुहार लगाने लगा।

सभी वन कर्मी पिंजरा खोलने की कोशिश करते रहे, पर पिंजरा खुला ही नहीं। आखिर में पिंजरे को पलटा गया। उसका हुक तोड़ा गया। तब जाकर पिंजरे का गेट खुल सका। बाहर निकलकर वनकर्मी काफी देर सदमे में रहा। महेशपुर के रेंजर नरेश पाल सिंह का कहना है कि यह पिंजरा शाहजहांपुर से आया था। इसमें पहिए नहीं थे तो इस पिंजरे को रिजर्व में रखा गया था। इस बीच एक वाचर उसको चेक कर रहा था कि अचानक अंदर बंद हो गया। पिंजरे के गेट में खराबी के कारण उसे बाहर निकालने में थोड़ा टाइम लग गया। ज्यादा बड़ी बात नहीं है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें