पुल निमार्ण की गति धीमी होने पर डीएम बिफरे
Jaunpur News - जौनपुर, संवाददाता विधानसभा बदलापुर के ग्राम थन्ह्वा कल्यानपुर में सई नदी पर निर्माणाधीन

जौनपुर, संवाददाता विधानसभा बदलापुर के ग्राम थन्ह्वा कल्यानपुर में सई नदी पर निर्माणाधीन सेतु का आकस्मिक निरीक्षण जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र ने गुरुवार की देर शाम किया। काम की गति काफी धीमी पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जतायी। चेतावनी देते हुए कहा की हर हाल में दिसम्बर 2025 तक काम पूरा हो जाना चाहिए। शाम को डीएम के पहुंचने के जानकारी होते ही काफी संख्या में लोग पहुंच गए। जिलाधिकारी ने उपस्थित ग्राम वासियों एवं ग्राम प्रधान से संवाद किया तथा सेतु निर्माण के कार्य की प्रगति के सम्बन्ध में जानकारी ली। गांव के लोगों ने शिकायत किया की सेतु निर्माण का कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है तथा बीच-बीच में कार्य बंद भी हो जाता है, यह जानकर डीएम ने ठेकेदार एवं अधिशासी अभियंता सेतु निगम के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक दशा में दिसम्बर 2025 तक निर्माण कार्य को पूर्ण करे अन्यथा इसका प्रतिकूल संज्ञान लेते हुए कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
यहां से जिलाधिकारी ने बदलापुर की ग्राम पंचायत राईपुर में जल जीवन मिशन की हर घर जल परियोजना का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। ओवरहेड टैंक बना पाया गया तथा सोलर पैनल भी लगा हुआ पाया गया। ग्राम प्रधान एवं स्थानीय लोगों ने बताया कि परियोजना के माध्यम से गाँव में अब अधिकांश घरों में नल लग गए हैं एवं ससमय पानी की सप्लाई भी हो रही है। स्कूल, आंगनबाड़ी, अस्पताल में भी पानी की सप्लाई हो रही है। जिलाधिकारी ने खुद कई टोटी खोलकर चेक किया की पानी आ रहा है कि नहीं। उन्होने स्थानीय निवासियों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं को सुनते हुए उनके निस्तारण हेतु सम्बंधित को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान परियोजना पूर्ण रूप से क्रियाशील पायी गयी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, उपजिलाधिकारी बदलापुर योगिता सिंह, तहसीलदार, डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।