मैं भारत की बहू हूं, पीएम मोदी से पाकिस्तान न भेजने की गुहार लगाने वाली मरियम की तबीयत बिगड़ी
पाकिस्तान से शादी करके खुर्जा आई मरियम महमूद की तबियत बिगड़ने से पाकिस्तान की उसकी वापसी अटक गई है। उसका पति भी अफसरों से मोहलत मांग रहा है। मरियम महमूद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भारत में रहने देने की गुहार लगाई है। मरियम का कहना है कि वह वापस नहीं जाना चाहती।

22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद 24 अप्रैल को भारत सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए भारत में मौजूद सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए थे और उन्हें देश छोड़ने का आदेश दिया था। ज्यादातर पाकिस्तानी नागरिक वापस भेजे जा चुके हैं वहीं पाकिस्तान से शादी करके खुर्जा आई मरियम महमूद की तबियत बिगड़ने से पाकिस्तान की उसकी वापसी अटक गई है। वापसी के लिए उसका पति भी अफसरों से मोहलत मांग रहा है। मरियम महमूद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भारत में रहने देने की गुहार लगाई है। 29 वर्षीय मरियम ने कहा, 'मैं निश्चित रूप से एक समय पाकिस्तान की बेटी थी, लेकिन अब मैं भारत की बहू हूं। मैं वापस नहीं जाना चाहती। मैं दिल से एक भारतीय के रूप में यहां रहना चाहती हूं।' मरियम ने दावा किया है कि उसने बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के माध्यम से राष्ट्रपति को एक याचिका भी भेजी है, जिसमें उन्होंने अपनी गर्भावस्था के मद्देनजर दीर्घकालिक वीजा का अनुरोध किया है।
मरियम महमूद को रविवार को वापस पाकिस्तान जाना था, लेकिन सुबह अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। 8 जुलाई 2022 को खुर्जा के मोहल्ला पंजाबियान निवासी आमिर का निकाह पाकिस्तान के इस्लामाबाद निवासी मरियम महमूद से हुआ था। यह शादी आमिर के इस्लामाबाद में रहने वाले रिश्तेदारों ने तय की थी। इसके बाद से मरियम लगातार भारत आने के लिए वीजा मांग रही थी। दो महीने पहले मरियम का शॉर्ट टर्म विजिटर वीजा मंजूर हुआ। इसके बाद मरियम फरवरी में भारत में आकर पति और ससुराल वालों के साथ रहने लगी।
आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार की ओर से पाकिस्तानियों को वापस जाने के लिए कहा गया है। इसके अपनी सुसराल में रह रहीं मरियम ने प्रधानमंत्री से भारत में रहने देने की गुजारिश की थी। मरियम ने प्रधानमंत्री से यहीं रहने देने की गुहार लगाई। कहा कि इस वारदात में शामिल रहे आतंकियों को सजा मिले, चाहे वो पाकिस्तानी हों। इसमें लड़कियों का क्या कसूर है, जो शादी करके भारत आईं हैं। मरियम के पति आमिर ने बताया कि रविवार को मरियम महमूद की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उनका पाकिस्तान जाना फिलहाल स्थगित हो गया है।
मरियम बोली-पहलगाम के वीडियो देख दुखी हूं
मरियम महमूद का कहना है कि उसने पहलगाम की सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो देखी हैं। उसने कहा कि मुझे घटना का बहुत अफसोस है। लेकिन इसमें हमारा क्या कसूर है? तीन साल पहले मेरा निकाह हुआ था। अभी दो महीने पहले ही मेरा वीजा लगा था। मैं काफी मुश्किलों के बाद यहां आई थी। मुझे नहीं पता था कि मुझे एकदम से यूं जाना पड़ेगा। मैं जाना भी नहीं चाहती। मैं गर्भवती हूं। मरियम महमूद ने फफकते हुए अपना दर्द बयां किया।