Notification Icon

देवरिया के रामपुर कारखाना फीडर में फिर से हुआ ब्लास्ट, एक लाख लोग परेशान 

रामपुर कारखाना फीडर फिर से  सोमवार की रात को ब्लास्ट कर गया। मरम्मत के दूसरे ही दिन फीडर मे आई  खराबी से एक लाख की आबादी का जीना मुहाल हो गया है। मरम्मत का सामान मुख्यालय पर नहीं होने से...

हिन्दुस्तान टीम  देवरियाTue, 2 July 2019 12:12 PM
share Share

रामपुर कारखाना फीडर फिर से  सोमवार की रात को ब्लास्ट कर गया। मरम्मत के दूसरे ही दिन फीडर मे आई  खराबी से एक लाख की आबादी का जीना मुहाल हो गया है। मरम्मत का सामान मुख्यालय पर नहीं होने से कर्मचारी रात को हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे और लोग आपूर्ति बहाल होने के इंतजार में सड़क पर टहलते रहे।

विद्युत विभाग के  अधिकारियों और कर्मचारियों की  लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लापरवाही का आलम यह है कि फीडर में आई  मामूली खराबी को ठीक करने के लिए भी सामान नहीं है। शनिवार की शाम को  रामपुर कारखाना फीडर  के ब्लास्ट होने के बाद  बरहज से सामान मंगवा कर दुरुस्त कराया गया था। इसके बाद रविवार की शाम को आपूर्ति बहाल हो पाई थी। शहर के पुरवां स्थित विद्युत सब स्टेशन से रामपुर कारखाना फीडर को बिजली की आपूर्ति की जाती है। इस फीडर से लगभग एक लाख की आबादी जुड़ी हुई है। जून महीने से ही इस फीडर के साथ विभाग के अधिकारी और कर्मचारी नजरअंदाज ही कर रहे हैं। आए दिन जर्जर तार टूटकर या गल कर गिर रहे हैं और फाल्ट के बाद आपूर्ति बंद कर दी जा रही है। सोमवार की रात मरम्मत होने के दूसरे ही दिन  एक बार फिर से रामपुर कारखाना फीडर ब्लास्ट कर गया। फीडर में खराबी आने के बाद आपूर्ति बंद होते ही जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपने मोबाइल या तो बंद कर लिए या फोन रिसीव करना छोड़ दिया। अवर अभियंता वीरेंद्र कुमार ने कहा कि फीडर की मरम्मत का प्रयास किया जा रहा है। 

कमधेनवा में 10 दिन से खराब  ट्रांसफार्मर नहीं बदला
तरकुलवा विकासखंड के कमधेनवा ग्राम पंचायत में विद्युत आपूर्ति के लिए दो ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। गांव के बीच में लगा एक विद्युत ट्रांसफार्मर 10 दिन से खराब पड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर की मरम्मत के लिए अवर अभियंता से लेकर अधिशासी अधिकारी तक से शिकायत की लेकिन ट्रांसफार्मर को ठीक कराना तो दूर कर्मचारी गांव में झांकने तक नहीं आए हैं। इसके चलते ग्रामीण भीषण गर्मी में उबलने को मजबूर हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें