पुलिस कप्तान की सुरक्षा में तैनात सिपाही ने अपने सिर में राइफल सटाकर मारी गोली, यह आशंका
यूपी के फतेहपुर में पुलिस कप्तान की सुरक्षा में तैनात सिपाही ने अपने सिर में राइफल सटाकर गोली मार ली है। मौके पर ही उसकी मौत हो गई है। गोली सिर के दूसरे हिस्से से बाहर निकल गई है। आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुटे हैं।

यूपी के फतेहपुर में होली के दिन पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। यहां पुलिस कप्तान की सुरक्षा में तैनात सिपाही ने अपने सिर में राइफल सटाकर गोली मार ली। गोली सिर को पार करते हुए दूसरे तरफ से बाहर निकल गई है। सिपाही ने घटना को किराए के कमरे पर अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। सुसाइड का सही कारण अभी नहीं पता चल सका है। अधिकारियों को पत्नी से विवाद के बाद घटना की आशंका है।
प्रयागराज का रहने वाला 32 वर्षीय सिपाही महेंद्र पाल की पुलिस लाइन में तैनाती थी। वह पुलिस कप्तान के गार्द में था। 50 नंबर ओवरब्रिज के पास एक मकान में किराए के कमरे में रहता था। होली के दिन शुक्रवार को वह अपने कमरे पर ही था। इसी बीच सुबह करीब 11 बजे उसके कमरे से गोली चलने की आवाज आई। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी भागकर उसके कमरे पर पहुंचे। सिपाही के कमरे का नजारा देखकर हर कोई दंग रह गया। सिपाही लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसका सिर एक तरह से उड़ गया था। उसने राइफल को अपने सिर में सटाकर गोली मारी थी।
मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस महकमे के लोग सिपाही को लेकर तत्काल अस्पताल भागे। हालांकि पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना से महकमे में हड़कंप मच गया। आला अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। सीओ सुशील दुबे ने बताया कि सिपाही पुलिसलाइन में तैनात था। खुद से गोली मारकर आत्महत्या की है। परिजनों को सूचना दी गई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज रही है। घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
उसके पड़ोसियों के अनुसार महेंद्र नाइट शिफ्ट में ड्यूटी करता था। ड्यूटी से आने के बाद पास की एक पान की गुमटी से सिगरेट के दो पैकेट खरीदे और लोगों को होली की शुभकामनाएं भी दीं। बताया जाता है कि 3 साल पहले उसकी शादी हुई थी। महेंद्र प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र के बड़ी धारु का पुरवा के निवासी थे। उनकी शादी प्रयागराज के ही फाफामऊ के गोहरी शांति पुरम निवासी रामचंद्र पाल की बेटी अंतिमा पाल से हुई थी। दोनों को एक साल की बेटी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।