Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़cm Yogi s big allegation on the opposition Before Lok Sabha elections Sri Lanka Bangladesh like situation in India

लोस चुनाव से पहले भारत में भी थी श्रीलंका-बांग्लादेश जैसी… योगी का विपक्ष पर बड़ा आरोप

  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भारत में भी अस्थिरता फैलाने की सुगबुगाहट थी। जैसा राजनीतिक अस्थिरता का दृश्य श्रीलंका व बांग्लादेश में दिखा वैसा ही भारतीय राजनीति में छह माह पहले से देखने को मिल रही थी।

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तानTue, 20 Aug 2024 04:22 PM
share Share

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भारत में भी अस्थिरता फैलाने की सुगबुगाहट थी। जैसा राजनीतिक अस्थिरता का दृश्य श्रीलंका व बांग्लादेश में दिखा वैसा ही भारतीय राजनीति में छह माह पहले से देखने को मिल रही थी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई जा रही थी। यह भाजपा व हमारी विचारधारा को रोकने के षडयंत्रों की ओर इशारा करती है। यदि देश में सक्षम नेतृत्व न होता तो वे अस्थिरता पैदा करने में सफल हो गए होते। देश में राजनीतिक स्थिरता के लिए भारतीय जनता पार्टी आवश्यक है। 

उन्होंने कहा कि भाजपा 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देश ही नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना। आमजन के मन में जिज्ञासा है कि भाजपा कर्मठ कार्यकर्ताओं व सक्षम नेतृत्व के बल पर सबसे बड़ा राजनीतिक दल नहीं होता तो तय था कि 2024 में जिस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के षडयंत्र हुए थे, वे सफल होकर भारत को लंबे समय तक अस्थिरता के दौर में ढकेलने का कार्य करते।

कहा है कि अयोध्या, गोमतीनगर व कन्नौज की घटनाएं ही समाजवादी पार्टी का ‘नवाब ब्रांड’ है। कोलकाता की अराजकता पर चिकित्सक व आधी आबादी आंदोलित है, लेकिन सपा मुखिया दुष्कर्मियों व सरकार का बचाव कर रहे हैं। सपा मुखिया का बेशर्मीपूर्ण बयान ही उनकी पार्टी का असली चेहरा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में साजिश हो रही है। इसे समझने की जरूरत है।

कांग्रेस-सपा के झूठ का करें पर्दाफाश

उन्होंने आरोप लगाया कि बहुसंख्यक समाज के विपरीत कथित धर्मनिरपेक्षता की राजनीति करने वाले दलों के स्वर भारत की मूल विचारधारा पर होने वाले हमले में नहीं निकलते। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हमें बैकफुट पर जाने की जरूरत नहीं है, बल्कि विपक्ष के कारनामों की पोल खोलने की जरूरत है। मुख्यमंत्री कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमलावर रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि इस अभियान को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाइए। हर घर तक पहुंचिए और परिवार के हर सदस्य से संवाद बनाइए। उनसे कहिए कि उपचुनाव में विपक्षी दलों के नेताओं से पूछें कि आखिर एक-एक लाख रुपये के बांड भरवाए गए थे। वह कहां हैं। सोशल मीडिया से लेकर आमजन के बीच कांग्रेस व सपा के झूठ का पर्दाफाश कीजिए।

भाजपा के कैडर के विरोधी भी कायल

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा मूल्यों व आदर्शों की राजनीति करने वाला एकमात्र दल है। विरोधी विचारधारा के लोग भी भाजपा के कैडर, अनुशासन, संगठन, कार्यपद्धति व कार्यक्रम को मानते हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति भाजपा के साथ जुड़ना चाहता है। मुख्यमंत्री ने अपील की कि एक मोबाइल फोन से एक ही सदस्य बनाएं। हर बूथ पर 200 सदस्य बनाना है। इसके लिए कार्यकर्ता गांवों में अलग-अलग तबकों के बीच जाएं। मलिन-दलित बस्तियों में जाकर पहले उनकी सुनिए, फिर अपनी कहिए। केंद्र व राज्य की योजनाओं, रोजगार व कनेक्टिविटी से अवगत कराइए। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को मंत्र दिया कि घर-घर जाएं और सिर्फ मुखिया से ही नहीं, बल्कि हर सदस्य से मिलें। महिला मोर्चा की पदाधिकारी महिलाओं तथा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता युवाओं से मिलें।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें