Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Bulldozers run here too Ambedkar Nagar rape victim s father appeals to CM Yogi

यहां भी चले बुलडोजर, अंबेडकरनगर रेप पीड़िता के पिता की सीएम योगी से गुहार

  • उत्तर प्रदेश में अंबेडकरनगर जिले के राजेसुल्तानपुर क्षैत्र में दुष्कर्म पीड़िता के पिता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और उनके घर बुलडोजर से ढहाये जाने की गुहार लगायी है। रेप के बाद पुलिस ने नहीं सुनी तो पीड़िता ने आत्महत्या भी कर ली थी।

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तानThu, 22 Aug 2024 11:24 AM
share Share

उत्तर प्रदेश में अंबेडकरनगर जिले के राजेसुल्तानपुर क्षैत्र में दुष्कर्म पीड़िता के पिता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और उनके घर बुलडोजर से ढहाये जाने की गुहार लगायी है।  रेप के बाद पुलिस ने नहीं सुनी तो पीड़िता ने आत्महत्या भी कर ली थी। फिलहाल वारदात में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि लापहरवाही बरतने के आरोप में एक पुलिस उपनिरीक्षक को लाइन हाजिर किया गया है। पीड़िता के पिता का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदत्यिनाथ महिला सुरक्षा को लेकर संवेदनशील हैं। उनसे मांग है कि आरोपियों को कड़ी सजा दिलायें और उनके घरों पर बुलडोजर की कार्रवाई की जाये। पिता ने कहा कि उन्हे आर्थिक मदद का आश्वासन पुलिस और जिला प्रशासन की तरफ से मिला है।

गौरतलब है कि 16/17 अगस्त की रात क्षेत्र के एक गांव में सामूहिक बलात्कार की शिकार 21 वर्षीय युवती ने घर में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली थी। आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने में टालमटोल किया जिससे आजिज युवती ने फांसी लगायी। 

पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में मामला आने के बाद मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने भभौरा निवासी समीर, समडीह निवासी सत्यम यादव तथा अलाउद्दीनपुर निवासी हरश्यिाम यादव के खिलाफ युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने व परेशान करने की धाराओं में केस दर्ज किया था जबकि युवती के पिता ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था जिसके बाद में पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की धारा बढ़ा दिया।

रविवार और सोमवार की रात दुष्कर्म के दो आरोपियों समीर व सत्यम को राजेसुल्तानपुर से गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस टीम दोनों आरोपियों को अस्पताल से फिंगर प्रिंट के लिए एसपी कार्यालय ले जा रही थी कि कटरिया याकूबपुर जाने वाले मार्ग के निकट वे दोनों फरार होने के लिए जीप से कूद पड़े। हालांकि पुलिसकर्मियों ने फौरन जीप रोककर उन्हें पकड़ लिया। 

इस दौरान दोनों घायल हो गए। पुलिसकर्मी फौरन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां दोनों के पैर में फ्रैक्चर होने की वजह से प्लास्टर लगाया गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने दोनों आरोपियों को जनपद न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

उधर फरार तीसरे आरोपी हरश्यिाम को पुलिस टीम ने मंगलवार देर शाम गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे के निकट चोरमरा क्षेत्र में घेर लिया। उसने पुलिस कर्मियों पर फायर किया। इसके बाद जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस कर्मियों ने इसके बाद उसे पकड़ लिया। इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां पर इलाज किया जा रहा था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें