Hindi NewsUttar-pradesh NewsAzamgarh NewsAzamgarh By-Elections 44 89 Voter Turnout in Gram Panchayat and BDC Elections

ग्राम पंचायत उपचुनाव में 44.89 फीसदी मतदान

Azamgarh News - आजमगढ़ जिले में ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्य पद के उपचुनाव में 44.89 फीसदी मतदान हुआ। चंडेश्वर ग्राम पंचायत में 66.21 फीसदी मतदान हुआ जबकि संजरपुर में केवल 38.38 फीसदी। 15 प्रत्याशियों का भाग्य...

Newswrap हिन्दुस्तान, आजमगढ़Wed, 19 Feb 2025 11:38 PM
share Share
Follow Us on
ग्राम पंचायत उपचुनाव में 44.89 फीसदी मतदान

आजमगढ़, संवाददाता। जिले में ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्य पद के उपचुनाव में बुधवार को कुल 44.89 फीसदी मतदान हुआ। शाम पांच बजे मतदान समाप्त होते ही कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांगरूम में मतपेटिकाओं को रखा गया। इसके साथ ही चार ग्राम प्रधान और एक क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 15 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटिकाओं में बंद हो गया। 21 फरवरी को मतगणना होगी। जिले में ग्राम प्रधान के चार और क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक रिक्त पद पर मतदान के लिए छह मतदान केंद्र और 21 मतदेय स्थल बनाए गए थे। कड़ी सुरक्षा के बीच पल्हनी ब्लाक की ग्राम पंचायत चंडेश्वर,अहरौला की मतलूबपुर, मुहम्मदपुर की कोइलारी बुजुर्ग, मिर्जापुर की संजरपुर में ग्राम प्रधान और मेंहनगर ब्लाक के विसईपुर में बीडीसी सदस्य पद के लिए सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। शहर से सटे चंडेश्वर में प्रधान पद के लिए हो रहे चुनाव में मतदाताओं में गजब उत्साह रहा। मतदान केंद्र पर सुबह से ही वोटरों की कतार लग गई। शाम पांच बजे मतदान समाप्ति तक भी वोटर मतदान के लिए आते रहे। जबकि प्रधान की अन्य तीन सीटों और एक बीडीसी सदस्य के चुनाव को लेकर वोटरों में खासा उत्साह नजर नहीं आया। प्रत्याशी और उनके समर्थकों के प्रयास के बाद भी घरों से छिटपुट मतदाता ही निकलते रहे। शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने पर कुल 12389 मतदाताओं में से 5562 मतदाताओं ने ही मतदान का प्रयोग किया। सहायक निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि कुल 44.89 फीसदी मतदान हुआ। मतपेटिकाओं को संबंधित ब्लाक मुख्यालयों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना कर दिया गया। ब्लाक मुख्यालय पर स्ट्रांगरूम में मतपेटिकाओं को कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है।

चंडेश्वर में सर्वाधिक 66.21 फीसदी वोटरों ने किया मतदान

आजमगढ़। चंडेश्वर ग्राम पंचायत में प्रधान का चुनाव करने के लिए सर्वाधिक 66.21 फीसदी वोटरों ने मतदान किया। जबकि सबसे कम संजरपुर ग्राम प्रधान पद पर 38.38 फीसदी वोटरों ने अपने अधिकार का प्रयोग किया। चंडेश्वर ग्राम पंचायत के प्रधान पद पर कुल 1166 मतदाताओं में से 772 वोटरों ने मतदान कर रिकार्ड बनाया। संजरपुर ग्राम प्रधान पद पर कुल 5464 मतदाताओं में से 2097 ने मतदान किया। मतलूबपुर ग्राम पंचायत के मतदाता दूसरे नंबर पर रहे। ग्राम प्रधान पद पर कुल 1505 मतदाताओं में से 811 वोटरों ने वोट डाला। कोइलारी बुजुर्ग ग्राम पंचायत के वोटर तीसरे नंबर पर रहे। यहां कुल 2537 वोटरों में से 1083 मतदाताओं ने मतदान का प्रयोग किया।

बुजुर्गों और दिव्यांग बच्चों में दिखा उत्साह

संजरपुर, संवाददाता। मिर्जापुर ब्लाक की संजरपुर ग्राम पंचायत में प्रधान पद पर उपचुनाव में भी बुजुर्गों और दिव्यांगों में गजब का उत्साह रहा। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। संजरपुर जूनियर हाईस्कूल और प्राथमिक स्कूल में नौ बूथ बनाए गए थे। सुबह से ही मतदाता छिट-पुट मतदान के लिए निकलते रहे। हालांकि किसी भी बूथ पर भीड़भाड़ नहीं रही। इसके बाद भी बुजुर्ग और दिव्यांगों में मतदान को लेकर गजब उत्साह रहा। चलने-फिरने में अक्षम दिव्यांग भी अपने आप को रोक नहीं पाए। अपना मनपसंद प्रधान का चुनाव करने के लिए इच्छा जताई। इस पर परिवार वाले उन्हें गोद में लेकर मतदान स्थल पर पहुंचे। दिव्यांगों ने परिजनों के सहयोग से मतदान किया। इस दौरान निजामाबाद तहसीलदार केशव प्रसाद, सेक्टर मजिस्ट्रेट, सरायमीर थाने के इंस्पेक्टर यादवेंद्र पांडेय दल-बल के साथ चक्रमण करते रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें