Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़अमरोहाRain Causes House Collapses in Over 14 Villages Injuring 20 People

बरसात में 14 गांवों में मकान और पशुशाला गिरने से दंपति समेत 20 लोग घायल, घरेलू सामान भी नष्ट

हसनपुर, रहरा, ढवारसी। बरसात के दौरान तहसील क्षेत्र के चौदह से अधिक गांवों में मकान व पशुशाला गिरने से दंपति समेत 20 से अधिक लोग घायल हो गए। कई घायलों

Newswrap हिन्दुस्तान, अमरोहाThu, 19 Sep 2024 07:01 PM
share Share

बरसात के दौरान तहसील क्षेत्र के चौदह से अधिक गांवों में मकान व पशुशाला गिरने से दंपति समेत 20 से अधिक लोग घायल हो गए। कई घायलों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया है। कई पशुओं की भी मौत हुई है। साथ ही मलबे में दबने से लाखों रुपए का नुकसान होने की बात कही जा रही है। राजस्व प्रशासन क्षति का आंकलन करने में जुटा है। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात क्षेत्र के गांव रूखालू में हरफूल का मकान गिर गया। परिवार के लोग मलबे में दबकर चोटिल हो गए। गंगाचोली में गुरुवार तड़के मेघराज का मकान गिर गया। मकान के मलबे में दबकर मेघराज व उसकी पत्नी विमलेश घायल हो गए। ढकिया खादर गांव में मकान गिरने से बंटी, पुरुषोत्तम व चंद्रवती घायल हो गए। बाइक, बर्तन व मशीन आदि सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गए। सिमथला गांव में विजेंद्र की पशुशाला गिरने से कई पशु दबकर घायल हो गए। पिपलौती खुर्द में नफीस अहमद का मकान गिरने से मलबे में दबकर सभी घरेलू सामान नष्ट हो गया। भावली में इमरान का मकान गिर गया। बरतौरा में सुकेश, नरेश, अभिषेक व प्रेमराज पुत्रगण कैलाश सैनी के मकान गिर गए। सुकेश की पत्नी गायत्री व नरेश की पत्नी शीला, पुष्पा देवी, सुमन देवी आदि घायल हो गए। देहरी खादर में बुंदो पत्नी फतेह अली का मकान गिरने से खासा नुकसान हुआ। द्वारकी प्रसाद व पूनिया पत्नी स्वर्गीय सोरन के मकान भी गिर गए। ढेकला के छत्रपाल सिंह व खरपड़ी के राजपाल की दीवारें गिर गईं।

ढवारसी के हिमायत अली के मकान की दीवार गिर गई। दूल्हेपुर अहीर के ओमवीर का मकान गिरने से मलबे में दबकर सभी घरेलू सामान नष्ट हो गया। इसी गांव की गीता के मकान की दीवार गिरने से भैंसे की मौत हो गई। रामौतार सिंह के मकान की दीवार व छत गिर गईं। सिमथला निवासी हुक्मी की पशुशाला गिरने से गाय की मौत हो गई। फैयाजनगर में नीटू का मकान गिर गया। यहां सो रहा नीटू मलबे में दबकर घायल हो गया।

तहसीलदार मूसाराम ने बताया कि बरसात के चलते मकान व पशुशाला गिरने की सूचना मिली हैं। राजस्व टीम को मौके पर भेज कर जांच पड़ताल कराई जा रही है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें