सराय हकीम की जर्जर सड़कों का इलाज कब
पुराने शहर का इलाका वार्ड नंबर 8, सराय लावारिया में टूटी पुलिया, पाइपलाइन लीकेज, जर्जर सड़कें और गंदगी की समस्याओं को लेकर स्थानीय निवासियों ने नाराजगी है। कई बार शिकायत दर्ज कराने के बाद भी इलाके का विकास नहीं हुआ है।
लोगों ने बताया कि कई बार नगर निगम के अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण किया है। लेकिन आज तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिया लंबे समय से टूटी पड़ी है। जिससे बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इसके अलावा, पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़कों पर पानी बहता है।
अलीगढ़। शहर के वार्ड नंबर 8 सराय लावारिया में बदहाल हालातों ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। क्षेत्र में टूटी पुलिया, जगह-जगह लीकेज से बहता पानी, जर्जर सड़कें और कूड़े के ढेर लोगों के लिए बड़ी समस्या बन चुके हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे स्थानीय नागरिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वार्ड की एक महत्वपूर्ण पुलिया पिछले कई महीनों से टूटी पड़ी है। बारिश के दिनों में यह स्थिति और भयावह हो जाती है, जब घरों तक पानी घुस जाता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर निगम के अधिकारी कई बार नाप-जोख कर गए, लेकिन अभी तक पुलिया का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
बुधवार को हिन्दुस्तान समाचार पत्र की टीम ने स्थानीय लोगों से इलाके की समस्याओं को लेकर संवाद किया। बोले अलीगढ़ अभियान के तहत लोगों ने इलाके की समस्याएं बताईं। उनका कहना था कि पाइपलाइन में जगह-जगह लीकेज के कारण वार्ड में जलभराव की समस्या बनी हुई है। सड़कों पर बहते पानी के कारण कीचड़ फैल जाता है, जिससे आने-जाने में दिक्कत होती है। वार्डवासियों का कहना है कि लीकेज को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक इसका कोई समाधान नहीं निकला।
सफाई व्यवस्था चरमराई, कूड़े के ढेर बने मुसीबत
वार्ड में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। चौक-चौराहों पर कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे बदबू और मच्छरों का आतंक बढ़ गया है। नालियां गंदगी से भरी पड़ी हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है। लोगों ने बताया कि चौक में हमेशा कूड़े का ढेर लगा रहता है। आसपास घनी आबादी है। अच्छी संख्या में लोग रहते हैं। इसके अलावा दो प्राचीन मंदिर भी हैं। जहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। कई बार शिकायतों के बाद भी आज तक समस्या का निस्तारण नहीं हुआ है।
निगम प्रशासन से उम्मीद लगाए बैठे लोग
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से जल्द से जल्द इन समस्याओं के समाधान की मांग की है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। नगर निगम को चाहिए कि वह वार्ड में आवश्यक सुविधाओं की बहाली के लिए तुरंत कदम उठाए। सराय लावारिया के लोग अब उम्मीद लगाए बैठे हैं कि नगर निगम जल्द उनकी समस्याओं पर ध्यान देगा और उन्हें राहत मिलेगी।
जनता बोली कोई सुनवाई नहीं हो रही
अलीगढ़ के वार्ड नंबर 8 सराय लावारिया में लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। टूटी पुलिया, खराब सड़कें, गंदगी, जलभराव और पाइपलाइन लीकेज जैसी समस्याओं ने नागरिकों का जीवन दूभर कर दिया है। नगर निगम से कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्र के लोगों में इस अनदेखी को लेकर जबरदस्त गुस्सा है।
सराय लवरिया वार्ड पुराने शहर का हिस्सा है। वार्ड की समस्याओं को लेकर टीम भेजकर सर्वे कराया जाएगा। लोगों से बातचीत की जाएगी। जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान होगा। किसी भी तरह की शिकायत के लिए लोग हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं।
विनोद कुमार, नगर आयुक्त
नंबर गेम
-15 हजार से अधिक की वोटर आबादी पूरे वार्ड की।
-40 हजार से अधिक की जनसंख्या रहती है वार्ड में।
-12 से अधिक हैंडपंप इलाके में पड़े हैं खराब।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।