बोले अलीगढ़: क्वार्सी में कच्ची सड़कों और गंदगी ने किया जीना मुहाल
करीब 12 हजार से अधिक की वोटर आबादी वाले वार्ड नंबर 25 क्वार्सी में समस्याओं का अंबार है। ये शहर की लाइफ लाइन मानें जाने वाली रामघाट रोड से सीधा जुड़ा हुआ है। नगर निगम सीमा विस्तार के दौरान इस इलाके को वार्ड बनाया गया था। यहां रोड पर बाजार भी है।
क्वार्सी में करीब 40 हजार से अधिक की आबादी रहती है। अलग-अलग गली-मोहल्लों और कॉलोनी में लोग कच्ची सड़कों से परेशान हैं। जनप्रतिनिधियों द्वारा चुनाव के दौरान लोगों से सड़क निर्माण के तमाम वादे किए जाते हैं। लेकिन, चुनाव जीतने के बाद जनप्रतिनिधि इन इलाकों का हाल जानना तक पसंद नहीं करते। इस इलाके में गंदगी, कूड़ा कीचड़ का अंबार है। कई इलाकों में तो सड़क पूर्ण रूप से जर्जर है। घरों के आगे जलभराव रहता है। कच्ची कॉलोनियों में लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। अगर इस इलाके से प्रमुख समस्याएं दूर हो जाए, तो विकास की राह आसान हो।
...........................
शहर का वार्ड नंबर 25 क्वार्सी नया वार्ड है। नगर निगम सीमा विस्तार के दौरान इसे वार्ड बनाया गया था। क्षेत्रफल के लिहाज से वार्ड काफी फैला हुआ है। क्वार्सी चौराहा, बाईपास से लेकर विनय नगर का हिस्सा भी इसी वार्ड में आता है। वार्ड की वोटर आबादी करीब 12 हजार से अधिक की है। वहीं वार्ड में 40 हजार से अधिक की आबादी निवास करती है। रामघाट कल्याण मार्ग से इस वार्ड का सीधा जुड़ाव है। इस इलाके में सड़कें जर्जर हालत में पड़ी है। बारिश के दिनों में वार्ड का बुरा हाल रहता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गलियों का हाल काफी बुरा है। जलभराव और कीचड़ की समस्या रहती है। घर से बाहर निकलने के लिए लोगों को सोचना पड़ता है। जलभराव के कारण बच्चे घर से स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं। कीचड़ में आए दिन फिसलकर बच्चे व बुजुर्ग घायल हो रहे हैं। वार्ड में करीब 10 से अधिक कॉलोनियों में सड़कें ही नहीं हैं। कच्ची सड़कों पर लोग चलने को मजबूर हैं। प्रवेश से लेकर अंत तक पुलिया टूटी पड़ी है। गणेशधाम, गीता बिहार, पंच बिहार, गणेश नगर समेत एक दर्जन कॉलोनियों में काफी बुरा हाल है। नालियां चोक पड़ी है। पूरे दिन सड़कों पर जलभराव रहता है। लोगों का कहना है कि अधिकारियों की लापरवाही के चलते लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
लोगों ने बताया कि कॉलोनियों में काफी समय कच्चे रास्ते हैं। जिसको लेकर कई बार स्थानीय स्तर पर शिकायत की गई है। आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी इनकी समस्या उठाई गई। लेकिन, सालों बाद भी इस समस्या का निस्तारण नहीं हुआ है। लोगों ने बताया कि रात के समय इलाके में सुरक्षा के लिहाज से कोई इंतजाम नहीं है। पुलिस भी गश्त नहीं लगाती। जिसके कारण इलाके में रोजाना चोरी की घटनाएं हो रही हैं। वार्ड में स्ट्रीट लाइट की संख्या काफी कम है। रात के समय इलाके में अंधेरा छा जाता है।
प्रमुख इलाके
चौधरी बिहार, विनय नगर, मयूर बिहार, नीलकंठ कॉलोनी, शंकर बिहार, पंच बिहार, क्वार्सी नगला, गणेश धाम कॉलोनी, छीतर कॉलोनी, आनंद बिहार, कटारा कॉलोनी, गीता बिहार कॉलोनी आदि।
शिकायत
-वार्ड में अधिकतर हैंडपंप खराब पड़े हैं। जिससे लोगों को पानी के लिए परेशानी होती है।
-क्वार्सी वार्ड में स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। रात के समय इलाके में अंधेरा छा जाता है।
-इलाके में गंदगी की समस्या सबसे विकराल है। नगर निगम द्वारा कूड़े का उठान सही समय पर नहीं होता।
-नियमित रूप से इलाके की साफ-सफाई नहीं होती। जिसके कारण लोग परेशान हैं।
-गली-मोहल्लों में कीचड़ सड़कों पर पसरी रहती है। नाले-नालियां चोक पड़े हैं।
-खुले में तार लटके हुए हैं। घरों के आगे से 11 हजार की लाइन जा रही हैं।
-कॉलोनियों में कच्चे रास्तों से लोग परेशान हैं। जहां जलनिकासी की समस्या बनी रहती है।
-फिसलन से वाहन चालक गिरकर घायल होते हैं।
सुझाव
- नियमित रूप से इलाके की साफ-सफाई होनी चाहिए। जिससे इलाके में गंदगी का साम्राज्य खत्म हो सके।
-सभी कूड़ा प्वाइंटों से समय से कूड़े का उठान होना चाहिए। कुछ स्थानों पर दोपहर बाद तक कूड़ा नहीं उठता।
-क्वार्सी वार्ड काफी बड़ा है। इस लिहाज से वहां कम से कम 200 स्ट्रीट लगनी चाहिए।
-गली-मोहल्लों में लटके खुले तार और 11 हजार की लाइन को शिफ्ट कराया जाए।
-इलाके में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन डाली जाए।
-खराब पड़े हैंडपंपों को सही कराया जाए। जिससे इलाके में पानी की किल्लत दूर हो।
-टूटी पुलिया का निर्माण कराया जाए। इसमें बच्चे और वाहन चालक गिरकर घायल हो जाते हैं।
-10 कॉलोनियों में सड़क निर्माण कराया जाए।
स्ट्रीट लाइट का अभाव, अंधेरे में इलाका
क्वार्सी वार्ड क्षेत्रफल के लिहाज से काफी बड़ा इलाका है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में करीब 100 स्ट्रीट लाइट लगी हुई हैं। जिनमें अधिकतर खराब पड़ी हुई हैं। शाम ढलते ही इलाके में अंधेरा पसर जाता है। जर्जर सड़कों पर अंधेरे में वाहन गिरने का खतरा बना रहता है। लोगों ने बताया कि इलाके में करीब 200 से अधिक स्ट्रीट लाइटों की आवश्यकता है। इसके साथ ही इलाके में हैंडपंपों का भी अभाव है। करीब 50 हैंडपंप खराब पड़े हैं।
कॉलोनियों में सड़क निर्माण की मांग
स्थानीय लोगों ने बताया कि वार्ड 25 क्वार्सी में सड़कों का हाल काफी बुरा है। यहां 10 से अधिक कॉलोनियों में सड़क ही नहीं है। जिसके कारण लोग परेशान हैं। जलनिकासी के इंतजाम न होने से रोजाना आपसी झगड़े होते हैं। बताया कि गणेश धाम, गणेश बिहार, गीता बिहार, पंच बिहार, विकास नगर आदि कॉलोनियों में कच्चे रास्ते हैं। कच्चे रास्तों पर जलभराव हो जाता है। बारिश में स्थिति और भी दयनीय है। कई बार जनप्रतिनिधियों से इनके निर्माण की मांग की गई है। लेकिन, दिलचस्पी न लेने की वजह से इलाका बंजर पड़ा है।
बोले जिम्मेदार
क्वार्सी वार्ड अभी नया वार्ड है। यहां कई विकास कार्य कराए गए हैं। सड़कों का निर्माण जारी है। अन्य समस्याओं का भी जल्द निदान कराया जाएगा। जल्द ही सभी समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा।
प्रशांत सिंघल, महापौर
.....................
वार्ड नंबर 25 क्वार्सी में कच्ची सड़कों के निर्माण के लिए प्रस्ताव पास हुए हैं। जल्द ही वहां कार्य सड़क निर्माण व पाइपलाइन कार्य शुरू हो जाएंगे। साफ-सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त कराई जाएगी।
विनोद कुमार, नगर आयुक्त
......................................
बोले स्थानीय लोग
वार्ड नंबर 25 क्वार्सी में करीब 12 हजार की वोटर आबादी है। लेकिन, क्षेत्रफल के लिहाज से वार्ड में 40 हजार से अधिक की जनसंख्या रहती है। इलाके में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। कच्चे रास्तों से लोग परेशान हैं।
सुनील निगम, पार्षद
......................
क्वार्सी वार्ड में एक दर्जन से अधिक कॉलोनी ऐसी हैं जहां कच्चे रास्ते हैं। बिजली के पोल व्यवस्थित नहीं है। गणेश धाम कॉलोनी का काफी बुरा हाल है। इलाके में जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन भी नहीं है।
तेजपाल सिंह
...................
गणेश धाम कॉलोनी में कूड़ा उठाने के लिए नगर निगम का वाहन नहीं आता। इलाके में सड़क गायब है। कच्चे रास्तों पर वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
मुकेश कुमार
........................
रात के समय कॉलोनियों में अंधेरा छा जाता है। इलाके में स्ट्रीट लाइटों का अभाव है। बारिश के समय जलभराव से स्थिति और ज्यादा गड़बड़ हो जाती है। पेयजल के लिए पाइपलाइन की व्यवस्था नहीं है।
संजू कुमार
................................
पूरे इलाके में गंदगी का साम्राज्य है। खाली प्लॉटों में लोग कूड़ा डालते हैं। जलभराव से सड़कों पर फिसलन रहती हैं। कच्ची सड़कों पर वाहन चालक गिर जाते हैं। कई बार हादसे भी हो गए हैं, लोग घायल हो जाते हैं।
प्यारे सिंह
............................
टूटी बाउंड्री के पास कोल विधायक ने इंटरलॉक सड़क निर्माण कराया था। सड़क से पहले नालियों का निर्माण होना चाहिए था। अब आसपास के घरों में पानी भर जाता है। जलनिकासी के इंतजाम पूरी तरह ध्वस्त हैं।
शिव चरन
....................
गणेश धाम, गीता बिहार, पंच बिहार, विकास नगर में काफी बुरा हाल है। गली-मोहल्लों की सड़के जर्जर हालत में हैं। इलाके में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन नहीं है। पानी के लिए लोगों को दूरदराज की दौड़ लगानी पड़ती है।
किशन पाल सिंह
..................
क्वार्सी वार्ड का हाल काफी बुरा है। अधिकतर स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हुई हैं। इलाके में हैंडपंप खराब पड़े हैं। गर्मियों में पानी का संकट गहरा जाता है। बारिश के दिनों में निकलना तक दूभर है।
राहुल
.......................
नगर निगम द्वारा कूड़ा उठान की कोई व्यवस्था नहीं है। आगे कॉलोनियों में वाहन आता है। लेकिन, कच्ची कॉलोनियों में कूड़ा उठान की कोई व्यवस्था नहीं है। सड़कों पर गंदगी पसरी रहती है।
तेज सिंह
....................
इलाके में शाम होते ही अंधेरा पसर जाता है। रोजाना घरों में चोरी की घटनाएं हो रही है। पुलिस-प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए। सड़क निर्माण को लेकर कई बार शिकायत की गई हैं। कोई फायदा नहीं हुआ।
ब्रजेश मिश्रा
.....................
क्वार्सी में चारों ओर गंदगी और कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। आवारा जानवर इधर-उधर विचरण कर रहे हैं। पीने के लिए लोगों को साफ पानी नहीं मिल रहा है। ऐसी परिस्थितियों में लोग परेशान हैं।
रीतेश कुमार
......................
जनप्रतिनिधि केवल चुनाव के समय पर ही इलाके में दिखाई देते हैं। झूठे-झूठे वादे कर लोगों को वोट देने के लिए रिझाते हैं। जीतने के बाद कुछ नहीं करते। अभी तक विधायक जी ने सड़क नहीं बनवाई।
पूरन देवी
.......................
बारिश में इलाके का काफी बुरा हाल हो जाता है। नगर निगम की ओर से कोई भी सुविधा नहीं है। लोगों से केवल टैक्स वसूला जा रहा है। पानी, सड़क, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं है।
शकुन देवी
..................
गणेश धाम कॉलोनी में 11 हजार की लाइन लटक रही है। इसके चक्कर में सड़क निर्माण रुका हुआ है। कई जगहों पर घर से छुलते हुए तार जा रहा है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
राजेश्वरी
......................
पुराना इलाका होने के बाद भी यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। सड़क, पानी की सुविधा ही नहीं है। कॉलोनियों में कच्चे रास्ते हैं। पैदल चलना तक दूभर है। जलनिकासी का कोई इंतजाम नहीं है।
मुन्नी
......................
सबसे पहले इलाके में बिजली के पोल को व्यवस्थित कराया जाए। इसकी वजह से सड़क निर्माण रुका हुआ है। पोल एक सीध में नहीं लगे हुए हैं। बिजली के तार मकानों के पास से जा रहे हैं।
बीना
.................................................
पानी के लिए वार्ड में पाइपलाइन नहीं है। महिलाओं को सुबह-शाम दूरदराज इलाकों की दौड़ लगानी पड़ती है। इलाके में हैंडपंप खराब पड़े हैं। सड़कों का कोई अता पता नहीं है। ऐसे हालातों में लोग परेशान हैं।
सरिता
.......................
घरों में रोजाना चोरी की घटनाएं हो रही हैं। स्ट्रीट लाइटों का काफी अभाव है। जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं। तीन दिन पहले भी एक घर में चोरी हुई है। कॉलोनियों में जलनिकासी के लिए नालियों का निर्माण कराया जाए।
पायल
नंबर गेम
-40 हजार से अधिक की जनसंख्या क्वार्सी वार्ड की।
-12 हजार से अधिक की वोटर आबादी वार्ड 25 में।
-10 से अधिक कॉलोनियों में कच्ची सड़कें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।