बोले अलीगढ़: आउटर के पुराने वार्ड भी नगर निगम की सुविधाओं के लिए तरस रहे
नव विस्तारित वार्डों के साथ नगर निगम के पुराने वार्डों की भी हालत दयनीय बनी हुई है। नगर निगम नागरिक सुविधाएं मुहैया करा पाने में अक्षम साबित हो रहा है। 15 लाख से अधिक की आबादी वाले नगर निगम में 90 वार्ड हैं। इसमें मौजूदा बोर्ड में 20 नए वार्ड शामिल हुए थे।
हिन्दुस्तान के अभियान बोले अलीगढ़ के तहत हिन्दुस्तान की टीम ने वार्ड 19 नगला मौलवी के हजीरा रोड समेत विभिन्न मोहल्लों की पड़ताल की जिसमें व्यवस्थाएं ध्वस्त मिलीं।
वार्ड 19 नगला मौलवी में कुछ हिस्सा इस बार नव विस्तारित क्षेत्र के रूप में जुड़ा है। यह वार्ड मेलरोजबाईपास कामाख्या मंदिर से सटा हुआ है। वार्ड 19 से विनोद कुमार भारतीय जनता पार्टी के पार्षद निर्वाचित हुए हैं। बोर्ड में भाजपा के पार्षदों का बहुमत है और मेयर भी भाजपा के हैं। लेकिन वार्डों में विकास का पहिया थमा हुआ है। वार्ड 19 नगला मौलवी में लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। इस वार्ड की आबादी 22 हजार से अधिक है और मतदाता 12500 हैं। वार्ड के पार्षद खुद क्षेत्र की समस्याओं से आजिज आ चुके हैं।
हिन्दुस्तान के अभियान बोले अलीगढ़ के तहत वार्ड 19 नगला मौलवी के नागरिकों ने समस्याओं को बताते हुए कहा कि वार्ड पुराना होने के बाद विकास नहीं है। 20 से 25 साल पहले बनी सड़क व नाले जवाब दे चुके हैं। नई सड़क व नए नाले का निर्माण बहुत आवश्यक है। यहां अधिकांश मोहल्लों में सड़क धंस चुकी हैं और अधिकांश में सड़कें कच्ची हैं। आबादी बढ़ने के साथ नाले का निर्माण नहीं हुआ है, जिससे नाले का पानी सड़क पर फैलता है। नाला ओवरफ्लो हो जाता है। सफाई के साथ पथप्रकाश की व्यवस्था ध्वस्त है। नागरिकों ने बताया कि कुछ पोलों पर नगर निगम ने अभी लाइटें लगवाई थीं, लेकिन अधिकांश पोल खाली हैं। जिसके कारण रात को अंधेरा रहता है। आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों में पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। सर्दियों में भी पानी की किल्लत थी। ऐसे में अब गर्मी आ रही है तो और अधिक समस्या होगी। लोगों ने कहा कि सड़कों पर हमेशा पानी भरा रहता है। जिससे आना जाना मुश्किल हो गया है। नगर निगम निर्माण विभाग को समस्या निराकरण के लिए सर्वे कराना चाहिए। ताकि लोगों को समस्या से छुटकारा मिल सके। पानी, पथप्रकाश, सड़क, नाली, पुलिया, सफाई व नाले का निर्माण होने से इस वार्ड की समस्या से निजात मिलेगी। लोगों ने कहा कि द्वारिकाधीश का मंदिर इसी वार्ड में है। दूसरी ओर दोना सैयद के पास हनुमान जी का मंदिर है। लेकिन वह रास्ता भी क्षतिग्रस्त है। यहां सबसे अधिक लोगों की समस्या सड़क थी। महिलाओं ने कहा कि बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं। सामान्य दिनों में हमेशा सड़क लबालब रहती है और बारिश में निकलना मुश्किल हो जाता है।
हजीरा रोड, अमन विहार व मोती विहार में सड़कों पर पानी
नगला मौलवी वार्ड के तहत नगला कलार आंशिक, लक्ष्मणपुर आंशिक, बैंक कालोनी, ज्वालाजीपुरम, प्रिंस नगर, नगला मौलवी, नगला कुंजलपुर, नगला मसानी आंशिक, मोती विहार आंशिक, प्रेम नगर आंशिक, नंद विहार आंशिक, नगला मेहताब आंशिक शामिल हैं। इसमें हजीरा रोड, अमन विहार व मोती विहार की हालात सबसे अधिक खराब है। हजीरा रोड पर जलभराव के कारण आना जाना मुश्किल हो गया है। सड़कों पर हमेशा पानी भरा रहता है। यही स्थिति अमन विहार व मोती विहार की है। यहां पर भी लोग जलभराव व जल जनित बीमारियों से परेशान हैं। बड़ी संख्या में घर हजीरा रोड, अमन विहार व मोती विहार में हैं जो समस्या का दंश झेल रहे हैं।
आधे वार्ड में पेयजल संकट लगातार बरकरार
पार्षद विनोद कुमार ने बताया कि आधे वार्ड में पेयजल संकट लगातार बरकरार है। गर्मियों में और पेयजल की समस्या पैदा होगी। मिनी नलकूप यहां पर प्रस्तावित हैं। मेलरोजबाईपास से पेयजल आपूर्ति होती है। यहां पर नलकूप बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। पेयजल के साथ पथप्रकाश की व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए। अधिकांश पोलों पर स्ट्रीट लाइटें नहीं हैं। जिन पर लगी हैं वह खराब हैं। मंदिर के आसपास ही लाइटें जलती हैं।
900 करोड़ का बजट वाला निगम नहीं दे पा रहा सुविधाएं
नगर निगम का सालाना प्रस्तावित बजट 900 करोड़ रुपये से अधिक है। लेकिन नगर निगम वार्डों में सुविधाओं की पूर्ति नहीं कर पा रहा है। निर्माण कार्यों की सबसे अधिक जरूरत है। तमाम मदों में नगर निगम पानी की तरह पैसा बहा रहा है, लेकिन नागरिकों को इसका फायदा नहीं मिल पा रहा है। मेयर प्रशांत सिंघल की ओर से 300 से अधिक निर्माण कार्य फाइनल किए गए हैं, लेकिन नगर निगम इसको धरातल पर नहीं उतार पा रहा है। इससे वार्ड में पार्षदों को फजीहत झेलनी पड़ रही है। यह समस्या किसी एक वार्ड की नहीं है बल्कि अधिकांश वार्डों में समस्या कायम है।
बोले लोग
पुराना वार्ड होने के बाद भी यहां पर समस्याएं अधिक हैं। कुछ हिस्सा इसमें नया भी जुड़ा है। सड़कें 15 से 20 साल पुरानी हैं जो उखड़ चुकी हैं। निर्माण, पेयजल, पथप्रकाश व स्वास्थ्य संबंधित सुविधाओं में इजाफा होना चाहिए।
विनोद कुमार, भाजपा पार्षद वार्ड 19 नगला मौलवी
सड़कों पर हमेशा पानी भरा रहता है, जिससे निकलना दुश्वार हो जाता है। पानी निकासी नहीं होने के कारण बीमारियां फैलती हैं और लोग बीमार होते हैं। नगर निगम को इंतजाम करना चाहिए। महेश, नगला मौलवी
वार्ड में स्ट्रीट लाइटें नहीं हैं, जिसके कारण रात में अंधेरा रहता है। इससे ाने जाने वालों में भय बना रहता है। मंदिर समेत अन्य प्रमुख स्थान इस वार्ड में हैं। नगर निगम को सुविधाएं बढ़ाने को लेकर काम करना चाहिए।
जयप्रकाश, नगला मौलवी
हजीरा रोड समेत अन्य स्थानों पर कई माह से पानी भरा है। बारिश में घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत किए जाने की जरूरत है। पुरानी सड़कों का निर्माण कराया जाए ताकि आवागमन बेहतर हो सके।
राजीव, नगला मौलवी
नगर निगम को हाउस टैक्स, जलकर व सीवर टैक्स अदा करते हैं। लेकिन उसके सापेक्ष सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। नगर निगम में शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होती हैं।
- प्रभु दयाल, नगला मौलवी
नगर निगम के अधिकारी यहां पर नहीं आते हैं। सफाई व्यवस्था भी लचर है। जल निकासी नहीं होने के कारण बदबू हमेशा रहती है। कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां वार्ड में आती हैं। जल निकासी की कोई अस्थाई व्यवस्था की जाए।
- अमर सिंह, नगला मौलवी
ड्रेनेज सिस्टम पर नगर निगम को काम करने की जरूरत है। नगर निगम जल निकासी के उपाय नहीं कर पा रहा है। यहां पर हजारों की संख्या में लोग जल भराव की समस्या से जूझ रहे हैं। -विजयपाल सिंह, नगला मौलवी
क्षेत्रीय पार्षद से नगर निगम संबंधित समस्याओं के निराकरण को कई बार शिकायत की, लेकिन पार्षद की ओर से भी केवल आश्वासन ही मिलता है। चुनाव होने के बाद भी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
- महावीर, नगला मौलवी
सड़कों पर पानी भरा है। इसको नगर निगम निकलवा दे। इससे आने जाने में परेशानी होती है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। यहां पर कोई अस्थाई पंप लगा दिया जाए, जिससे पानी निकलता रहे।
- कुसुम लता, नगला मौलवी
गलियों में पानी व गंदगी रहती है। नाली सफाई के लिए कोई नहीं आता है। खाली प्लाटों में कूड़ा पड़ा रहता है। पार्षद को शिकायत करते हैं तो किसी किसी दिन कर्मचारी आ जाते हैं।
- मंजू, नगला मौलवी
सड़कें धंस गई हैं और इससे पानी भर रहा है। सड़क बनाने की जरूरत है। स्ट्रीट लाइटें मोहल्ले में खराब पड़ी हैं। इनको सही कराया जाए ताकि रात में उजाला हो सके।
-प्रिया, नगला मौलवी
सफाई वाले कर्मचारी वार्ड में नहीं आते हैं। पानी खाली प्लाट में भरता है, जिससे गंदगी फैलती है। आवरा पशु प्लाटों का कूड़ा खोदकर फैला देते हैं।
- सुधा देवी, नगला मौलवी
नगर निगम जल निकासी की कोई ऐसी व्यवस्था कर दे, जिससे पानी निकलता रहे। पानी भरा होने के कारण बच्चों का निकलना मुश्किल हो जाता है। नगर निगम के अफसर इस वार्ड में आएं और यहां की मौजूदा स्थिति को देखें।
-माया देवी, नगला मौलवी
मोहल्ले में पानी का संकट रहता है। किसी दिन पानी आता है और किसी दिन नहीं आता है। पानी कई बार गंदा आता है। पानी में प्रेशर भी कम रहता है, जिससे टंकियां भर नहीं पाती हैं।
- राखी, नगला मौलवी
नगर निगम हाउस टैक्स वसूल करता है तो उसका सुविधाएं देनी चाहिए। सड़कों पर गंदा पानी भरा रहता है। समस्या का समाधान नगर निगम नहीं कराता है।
-रेनू भारद्वाज, नगला मौलवी
मोहल्ले में सफाई व्यवस्था नहीं है। जगह जगह कूड़े का ढेर लगा रहता है। पार्षद से शिकायत करने के बाद सफाई होती है। नगर निगम कर्मचारी नियममित नहीं आते हैं।
- शकुंतला देवी, नगला मौलवी
गलियां कच्ची पड़ी हैं जिससे आने जाने में दिक्कत होती है। बारिश में घरों में पानी घुसता है। सड़कें बनाई जाएं ताकि जलभराव नहीं हो और आने जाने में सहूलियत मिले।
- कुसुम देवी, नगला मौलवी
नगर निगम के कर्मचारी नियमित नहीं आते हैं। सफाई, पेयजल व सड़क निर्माण में सुधार की जरूरत है। पानी नहीं आने से काम प्रभावित होता है।- रानी देवी नगला मौलवी
बोले जिम्मेदार
नगला मौलवी में सड़क निर्माण का प्रस्ताव आया था उसको पास किया गया है। वार्ड में कई काम जल्द होंगे। टेंडर प्रक्रिया में अधिकांश कार्य लगे हुए हैं। पेयजल व जल निकासी की व्यवस्था भी दुरुस्त कराई जाएगी। - प्रशांत सिंघल, मेयर
नगला मौलवी नगर में जिन सड़कों पर पानी भर रहा है वहां से जल निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी। जलकल विभाग व स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेजकर वहां की समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा। - विनोद कुमार, नगर आयुक्त
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।