यूपी में 350 से अधिक अवैध मस्जिदों और मदरसों पर कार्रवाई, बुलडोजर ऐक्शन अभी जारी
यूपी में 350 से अधिक अवैध मस्जिदों और मदरसों पर कार्रवाई हो चुकी है। यह अभियान अभी चलता रहेगा। बीते दो दिन शनिवार और रविवार को भी 100 से अवैध निर्माण पर कार्रवाई की गई।
नेपाल सीमा से सटे जिलों में सरकारी व निजी जमीनों पर अवैध तरीके से बनाई गई 350 से अधिक मस्जिदों व मदरसों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इन स्थानों पर बुलडोजर चलाया गया। शनिवार व रविवार को भी 100 से अवैध निर्माण पर कार्रवाई की गई। यह अभियान अभी चलता रहेगा। कुछ स्थानों पर विरोध भी हुआ लेकिन पुलिस व प्रशासन की सख्ती के आगे किसी की नहीं चली।
श्रावस्ती में दो दिनों में 104 मदरसे, एक मस्जिद, पांच मजार और दो ईदगाह को चिह्नित किया गया। इन सभी को नोटिस देने के साथ ही इन्हें सील कर दिया गया है। बहराइच में 13 मदरसे, आठ मस्जिद, दो मजार और एक ईदगाह को सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण के रूप में चिह्नित किया गया। इन सभी को नोटिस दी गई। पांच निर्माण को सील कर दिया गया।
इसके अलावा इंडो-नेपाल सीमा से 10 किमी. के दायरे में सरकारी जमीन पर 171 अवैध अतिक्रमण को हटाया जा चुका है। सिद्धार्थनगर में भी शनिवार को चार मस्जिद, 18 मदरसे और रविवार को एक मदरसे पर कार्रवाई की गई। महाराजगंज के तहसील नौतनवा में बिना मान्यता के चल रहे मदरसे को बंद करा दिया गया। यहां की चाभी स्थानीय थानाध्यक्ष को सौंप दी गई।
महाराजगंज में अब तक 29 मदरसे और पांच मजार ध्वस्त की जा चुकी है। लखीमपुरखीरी में दो मस्जिद, एक मजार और एक ईदगाह जबकि निजी जमीन पर बने आठ अवैध मदरसे सील कर दिए गए। पीलीभीत में अवैध तरीके से बनी एक मस्जिद को नोटिस दिया गया है। बलरामपुर में रविवार को तुलसीपुर में निर्माणाधीन मदरसे को गिरा दिया गया। यहां अब तक 30 मदरसे, 10 मजार और एक ईदगाह को ध्वस्त किया जा चुका है।