राजस्थान में आज भी बादल बरसने के आसार, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट; जानिए लोकेशन
- राजस्थान में मौसम अपने मिजाज बदलते दिखाई दे रहा है। आज भी हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके लिए मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने कुछ इलाकों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। जानिए मौसम की डिटेल।

राजस्थान में मौसम अपने मिजाज बदलते दिखाई दे रहा है। आज भी हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके लिए मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने कुछ इलाकों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। बादल छाए रहने से इन इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। बताया गया है कि पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की वजह से कल भी राज्य के कुछ इलाकों में बारिश देखने को मिली थी। आइए जानते हैं आज किन इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
जयपुर के मौसम केंद्र ने जानकारी देते हुए कहा कि जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर, टोंक, धौलपुर, पाली, अजमेर, भीलवाड़ा, करौली, सवाईमाधोपुर, नागौर, सीकर और झुंझनू जिलों में बारिश हो सकती है। इसके लिए चेतावनी भी जारी की है। मौसम विभाग ने यहां के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। कल 3 फरवरी और आज 4 तारीख को बारिश होने के बाद, कल से फिर मौसम साफ होने के आसार जताए गए हैं। इस बीच तापमान गिरने और ठंडक बढ़ने की भी संभावना है।
मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान में आज और बीते कल के लिए बारिश की आशंका जताई गई थी। जयपुर, अजमेर, भरतपुर, उदयपुर और बीकानेर संभागों में कहीं-कहीं बारिश होने की बात की गई थी। वहीं 5 फरवरी से लेकर 9 फरवरी तक मौसम शुष्क रहने के आसार जताए गए थे।
कल राज्य में सबसे अधिक तापमान डूंगरपुर में रहा। यहां 30.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अधिक तापमान वाले इलाकों की बात करें तो चित्तौड़गड़ में 30.1, बाड़मेर में 28.2, उदयपुर में 28.5 अजमेर में 25.7, कोटा और सीकर में 25 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। राज्य में धीरे-धीरे सर्दी का दौर कम होने लगा है। हिल स्टेशन माउंट आबू का अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं गंगानगर जिले में कल सबसे कम तापमान दर्ज किया गया था।