राजस्थान: कांग्रेस ने आज भी किया सदन का बहिष्कार; गहलोत बोले, ईगो छोड़ गतिरोध तोड़े सरकार
- उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को अहंकार छोड़ना चाहिए। ये जो चल रहा है, इसे समाप्त होना चाहिए ताकि बहस हो सके। जानिए और क्या कुछ कहा।

राजस्थान विधानसभा में बीते हफ्ता भर से गतिरोध जारी है। आज भी कांग्रेस ने सदन का बहिष्कार किया। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का बयान सामने आया है। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को अहंकार छोड़ना चाहिए। ये जो चल रहा है, इसे समाप्त होना चाहिए ताकि बहस हो सके। जानिए और क्या कुछ कहा।
गहलोत ने पक्ष-विपक्ष दोनों को क्या नसीहत दी
आपको ताजा हालात बताते चलें कि राजस्थान विधानसभा में आज भी विपक्षी दल यानी कांग्रेस के विधायक सदन की कार्यवाही का हिस्सा नहीं बन रहे हैं। कांग्रेसी विधायक सभा परिसर के बाहर धरने पर बैठे हैं। वहीं अंदर इनकी गैरमौजूदगी में ही प्रश्न काल की कार्यवाही चल रही है। इस पर अशोक गहलोत ने कहा भी कि ये जो चल रहा है, ये समाप्त होना चाहिए ताकि बहस हो सके। इसमें पक्ष-विपक्ष सबका सहयोग होना चाहिए। गहलोत ने नसीहत देते हुए कहा कि इसमें किसी का ईगो नहीं होना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष की स्पीच होनी है, लेकिन...
गहलोत ने कहा कि ये जो अनावश्यक तनाव हो रहा है, ये और ज्यादा नुकसान कर रहा है। आज नेता प्रतिपक्ष की स्पीच होनी है, लेकिन पता नहीं क्या होगा। गहलोत ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष को इसकी चिन्ता ही नहीं है कि विपक्ष को अंदर बुलाएं और बात करें। परसों भी धरना दिया, लेकिन कोई मेसेज नहीं आया। आज भी धरना हो रहा है, लेकिन कोई मेसेज नहीं है। इस तरह गहलोत ने कहा कि सरकार ईगो छोड़कर गतिरोध तोड़ना चाहिए।
इंदिरा गांधी पर टिप्पणी और नेता प्रतिपक्ष का भाषण
आपको बताते चलें कि सरकार में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को दादी कहे जाने वाले बयान पर कांग्रेस ने आपत्ति जाहिर की थी। इसके बाद हंगामा हुआ और फिर विपक्ष के 6 सदस्यों को निलंबित कर दिया गया। इसके बाद से सदन में लगातार गतिरोध जारी है। आज 27 फरवरी को नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का सदन में भाषण था, लेकिन कांग्रेस विधायकों ने सदन का बहिष्कार किया हुआ है। अब देखना यह होगा कि क्या पक्ष-विपक्ष दोनों इस गतिरोध को तोड़कर बातचीत करते हैं या फिर आज भी सदन हंगामें की भेंट चढ़ जाता है।