Notification Icon
Hindi Newsपंजाब न्यूज़Punjab CM Bhagwant Mann left his government bungalow and shifted to a rented house know the reason

सरकारी बंगला छोड़ किराए के मकान में शिफ्ट हुए पंजाब CM भगवंत मान, जानिए वजह

पंजाब के सीएम भगवंत मान बुधवार को चंडीगढ़ का सरकारी बंगला छोड़कर जालंधर में किराए के नए मकान में शिफ्ट हो गए हैं। मान ने जालंधर वेस्ट के उपचुनाव के लिए शहर के दीप नगर में एक घर किराए पर लिया है।

Himanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, चंडीगढ़Wed, 26 June 2024 02:36 PM
share Share

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बुधवार को चंडीगढ़ का सरकारी बंगला छोड़कर जालंधर में किराए के नए मकान में शिफ्ट हो गए हैं। उन्होंने पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर और बेटी के साथ नए घर में गृह प्रवेश किया। दरअसल मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर वेस्ट के उपचुनाव के लिए शहर के दीप नगर में एक घर किराए पर लिया है। सीएम मान के जालंधर पहुंचने पर पुलिस ने उनके घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। जालंधर वेस्ट हलके में उप चुनाव को लेकर आप ने अपना उम्मीदवार मोहिंदर भगत को बनाया है। सीएम मान उन्हीं के लिए यहां से प्रचार करेंगे। 

मुझसे मिलने के लिए अब चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा
सीएम भगवंत मान ने नए घर में शिफ्ट होने की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर की है। उन्होंने कुछ तस्वीरों को पोस्ट करते हुए लिखा- पिछले दिनों मैने कहा था कि जालंधर में घर किराए पर ले रहा हूं। मैं आज परिवार सहित इस घर में आ गया हूं। माझा और दोआबा के लोगों को मुझसे मिलने के लिए अब चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा। उनकी समस्याओं व मसलों का जालंधर से ही निपटारा करूंगा। हम लोगों की परेशानियों को कम करने व उनसे सीधी मुलाकात करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। 

सप्ताह में दो दिन जालंधर से  सरकार चलाएंगे मान
सीएम मान का यह नया ठिकाना केवल उप-चुनाव तक एक महीने के लिए नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव तक रहेगा। मान सप्ताह में 2 दिन इसी घर में रहेंगे। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि इससे वह दोआबा और मांझा क्षेत्र के नेताओं और लोगों के साथ नजदीकी संपर्क में रहेंगे।

गृह प्रवेश से पहले ही घेराव करने पहुंच गए थे कांट्रैक्ट कर्मचारी
नए घर में गृह प्रवेश से पहले ही उन्हें विरोध का सामना करना पड़ रहा था। एक दिन पहले मंगलवार को वेटरनरी फार्मासिस्ट यूनियन पंजाब ने उनके घर का घेराव किया था। भगवंत मान के जालंधर स्थित किराए के मकान पर बड़ी संख्या में कांट्रैक्ट कर्मचारी धरना देने पहुंच गए थे। इस दौरान इन मुलाजिमों ने सरकार खिलाफ नारेबारी भी की। हालांकि पुलिस ने इन मुलाजिमों को सीएम आवास तक नहीं पहुंचने दिया व उन्हें सीएम के घर से करीब 800 मीटर दूर ही रोक लिया था। पुलिस के रोकने के बाद मुलाजिम वहीं बैठ गए व उन्होंने सरकार खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी थी।

रिपोर्ट: मोनी देवी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें