Notification Icon
Hindi Newsपंजाब न्यूज़aam aadmi party worker killed in amritsar before lok sabha election voting

पंजाब में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता की हत्या, वोटिंग से ठीक पहले हुई वारदात से सनसनी

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता की पंजाब के अजनाला में गोली मारकर हत्या कर दी गई। आप कार्यकर्ता के अलावा 4 अन्य लोग इस वारदात में घायल भी हुए हैं। पुलिस ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी।

Surya Prakash भाषा, अमृतसरSat, 1 June 2024 10:29 AM
share Share

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पंजाब में आज मतदान हो रहा है। आखिरी राउंड के तहत राज्य में वोटिंग हो रही है और उससे ठीक पहले एक बड़ी घटना हो गई। शुक्रवार की रात को आम आदमी पार्टी के एक कार्यकर्ता की अमृतसर के अजनाला में बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। आप कार्यकर्ता के अलावा 4 अन्य लोग इस वारदात में घायल भी हुए हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हमलावर अजनाला के लखुवाल गांव में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

अजनाला थाने के एसएचओ बलबीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात जब कुछ लोग घर के बाहर बैठे थे, उस दौरान यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि दो हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और वहां मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाने लगे। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसकी पहचान बाद में दीपिंदर सिंह उर्फ ​​दीपू के रूप में हुई। दीपू हाल ही में आप में शामिल हुआ था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में चार अन्य लोग घायल हो गए।

एसएचओ ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है। लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में पंजाब की 13 सीटों के साथ ही चंडीगढ़ की एकमात्र सीट के लिए शनिवार को मतदान हो रहा है। बता दें कि पंजाब में ज्यादातर सीटों पर चतुष्कोणीय मुकाबला है। इसकी वजह यह है कि इस बार भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन नहीं हो सका है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी और कांग्रेस भी यहां अलग-अलग ही चुनाव में उतरी हैं। दोनों दलों ने राज्य की सभी सीटों पर अपने कैंडिडेट उतारे हैं। हालांकि दिल्ली में दोनों के बीच सीट शेयरिंग हुई थी। दिल्ली में 4 सीटों पर आम आदमी पार्टी चुनाव में उतरी है, जबकि चांदनी चौक समेत तीन सीटों पर कांग्रेस लड़ रही है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें