Hindi Newsएनसीआर न्यूज़will recover every penny from aap more than half ministers will go jail bjp mla ravinder singh negi cag report

पाई-पाई करेंगे वसूल, आधे से ज्यादा मंत्री जाएंगे जेल; सदन में कैग रिपोर्ट पेश करने से पहले BJP का दावा

दिल्ली विधानसभा में कैग रिपोर्ट पेश होने से पहले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रविंद्र सिंह नेगी का कहना है कि आप से पाई-पाई वसूली जाएगी। रिपोर्ट पेश होने के बाद जांच की जाएगी और आप के आधे से ज्यादा मंत्री जेल जाएंगे।

Sneha Baluni नई दिल्ली। एएनआईTue, 25 Feb 2025 10:42 AM
share Share
Follow Us on
पाई-पाई करेंगे वसूल, आधे से ज्यादा मंत्री जाएंगे जेल; सदन में कैग रिपोर्ट पेश करने से पहले BJP का दावा

दिल्ली विधानसभा सत्र के दूसरे दिन 14 कैग रिपोर्ट्स सदन में पेश की जाएंगी। इसमें पिछली सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा है। रिपोर्ट पेश होने से पहले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रविंद्र सिंह नेगी का कहना है कि आप से पाई-पाई वसूली जाएगी। रिपोर्ट पेश होने के बाद जांच की जाएगी और आप के आधे से ज्यादा मंत्री जेल जाएंगे।

रविंद्र नेगी ने एएनआई से कहा, 'हमारी पूरी तैयारी है। कैग की रिपोर्ट आज पेश की जाएगी। दिल्ली के लोगों की गाढ़ी कमाई जो इन्होंने अपने प्रचार-प्रसार में उड़ाई और जिस प्रकार का गोरखधंधा किया, उसकी एक-एक पाई-पाई इनसे वसूल की जाएगी। दिल्ली में जितने भी भ्रष्टाचार हुए हैं, उनकी कैग रिपोर्ट के जरिए जांच होगी और मुझे लगता है कि आधे से ज्यादा मंत्री जेल जाएंगे।'

फोटो विवाद पर भाजपा विधायक ने कहा, ‘फोटो वैसी ही लगी हैं। ये लोग बौखला रखे हैं क्योंकि आज कैग की रिपोर्ट पेश होनी है। पहले दिन धन्यवाद समारोह के दौरान इन्होंने सदन को रोकने की कोशिश की। बहुत सारे काम होने थे लेकिन इन्होंने रोक दिया। तस्वीरें नहीं हटी हैं। उसी कमरे में लगी हुई हैं। जानबूझकर इस तरह का माहौल बनाया जा रहा है क्योंकि इन्हें पता है कि कैग की रिपोर्ट पेश होगी तो इनके आधे से ज्यादा पूर्व मंत्री तिहाड़ जाएंगे।’

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की थी कि नई सरकार के पहले सत्र में रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएंगी। कैग की लंबित रिपोर्ट में राज्य के वित्त, सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे, वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण, शराब विनियमन और दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के कामकाज की समीक्षा शामिल है। भाजपा ने आप के कार्यकाल के दौरान बार-बार इन रिपोर्ट को जारी करने की मांग की थी। पार्टी ने सरकार को रिपोर्ट पेश करने का निर्देश देने के लिए अदालत का रुख किया था।

अगला लेखऐप पर पढ़ें