Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़Why did Delhi Police reach Rahul Gandhis house Now answer came from BJP

राहुल गांधी के घर आखिर क्यों पहुंची दिल्ली पुलिस? भाजपा की ओर से अब आया इसका जवाब

दिल्ली के स्पेशल सीपी सागर प्रीत हुड्डा ने बताया, 'राहुल गांधी ने महिलाओं के यौन उत्पीड़न को लेकर कश्मीर में एक बयान दिया था। इस मामले में उन्हें 16 मार्च को एक नोटिस जारी किया गया था।'

Devesh Mishra पीटीआई, नई दिल्लीSun, 19 March 2023 12:32 PM
share Share

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के घर आज दिल्ली पुलिस की टीम पहुंची थी। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने कश्मीर में एक बयान दिया था। राहुल के उस बयान को लेकर दिनोंदिन सियासत गर्म होती जा रही है। आज राहुल गांधी के घर के सामने पुलिस का सख्त पहरा रहा, इस दौरान वहां कांग्रेस के कई दिग्गज नेता भी मौजूद थे। कांग्रेस ने इस पूरे मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा है।

दिल्ली के स्पेशल सीपी सागर प्रीत हुड्डा ने बताया, 'राहुल गांधी ने महिलाओं के यौन उत्पीड़न को लेकर कश्मीर में एक बयान दिया था। इस मामले में उन्हें 16 मार्च को एक नोटिस जारी किया गया था। नोटिस का कोई जवाब नहीं मिलने पर हम उनसे बातचीत करने आए हैं।' कांग्रेस के दिग्गज नेता और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, 'बिना अमित शाह के आदेश के पुलिस किसी राष्ट्रीय स्तर के नेता के घर घुसने का ऐसा दुस्साहस नहीं कर सकती। राहुल गांधी ने कहा है कि वो नोटिस का जवाब देंगे फिर भी उनके घर पुलिस गई।' कांग्रेस के कई नेताओं ने इस पूरे मामले को भाजपा की साजिश बताया है। ऐसे में भाजपा की ओर से यह जवाब आया है कि आखिर दिल्ली पुलिस राहुल गांधी के घर क्यों गई थी।

भाजपा के नेता संबित पात्रा ने कहा, 'राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कहा था कि उनसे कुछ महिलाएं मिलने आई थीं जिन्होंने यौन उत्पीड़न के बारे में उन्हें बताया। पुलिस को ऐसी घटनाओं के बारे में जानकारी होनी चाहिए। दिल्ली पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन किया और उन महिलाओं के बारे में जानकारी जुटाने के लिए राहुल गांधी से मिलने की मांग की है।'

भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने कहा, 'राहुल गांधी ने दावा किया था कि उनसे कुछ महिलाएं मिली थीं जिनके साथ यौन उत्पीड़न हुआ था और उन्हें न्याय नहीं मिला। दिल्ली पुलिस राहुल गांधी से उन महिलाओं की जानकारी मांग रही है। यह उन महिलाओं के लिए  न्याय सुनिश्चित करने के प्रति उनकी कमजोर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।'

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने कश्मीर में कहा था कि एक महिला ने उनसे मुलाकात की और बताया कि उसके साथ यौन उत्पीड़न हुआ है। इसपर राहुल गांधी ने कहा कि इसकी जानकारी पुलिस को दी जानी चाहिए। इसपर महिला ने कहा कि पुलिस को जानकारी देने से उसे शर्मिंदगी होगी। दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी के इस बयान को लेकर बीते दिनों उन्हें एक नोटिस जारी किया था। पुलिस ने नोटिस में राहुल से उन महिलाओं की जानकारी मांगी थी। नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर पुलिस आज राहुल गांधी के आवास पर पहुंची थी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें