Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़two lakh people will get employment in ncr 250 industries to be setup in yeida

NCR में दो लाख लोगों को मिलेगा रोजगार, यीडा में लगेंगी 250 औद्योगिक इकाई; कब से शुरू होंगी कंपनियां

यमुना विकास प्राधिकरण में 250 से ज्यादा औद्योगिक इकाइयां लगेंगी जिससे दो लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा। शहर की हरियाली और बसावट में भी इजाफा होगा। वर्तमान में सात कंपनियां संचालित हैं।

Sneha Baluni हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडाThu, 30 May 2024 02:21 AM
share Share

यमुना विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में इस वर्ष दिसंबर तक 250 से अधिक औद्योगिक इकाइयों के संचालन का लक्ष्य है। इन इकाइयों में दो लाख से अधिक लोगों को रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे। शहर की हरियाली और बसावट में भी इजाफा होगा। प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में औद्योगिक सेक्टर-29 और 32 में सात कंपनियां संचालित है। इनमें सेक्टर-29 में सूर्या ग्लोबल फ्लेक्सी फिल्म व बीकानेर वाला शामिल है, जबकि सेक्टर-32 में एवेरी, खुशबू माहेश्वरी, उमा माहेश्वरी कंस्ट्रक्शन कंपनी समेत पांच कंपनियां का संचालन शुरू हो गया है। 

वहीं, सेक्टर-24ए में वीवो कंपनी का भी संचालन शुरू हो गया है। कंपनी को 169 एकड़ भूमि का आंवटन वर्ष 2018 में हुआ था। इसमें 156.32 एकड़ भूमि के लिए चेकलिस्ट जारी की गई थी। प्रथम चरण में कंपनी प्रति वर्ष छह करोड़ स्मार्ट मोबाइल तैयार करेगी। दो चरणों में कंपनी का निर्माण पूरा होगा। दूसरा चरण पूरा होने के बाद शहर में प्रतिवर्ष 14.4 करोड़ मोबाइल का उत्पादन किया जाएगा। वर्तमान में यहां पर 800 लोग काम कर रहे हैं। दूसरा चरण पूरा होने के बाद एक लाख से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। 

इसके अलावा पतंजलि फूड एवं हर्बल के लिए तीन मंजिला इमारत का निर्माण हो चुका है। पतंजलि आयुर्वेद कंपनी का भी निर्माण करेगी। इन दोनों कंपनियों में 88 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा, जिसे दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। प्राधिकरण के प्लान के मुताबिक इस वर्ष दिसंबर तक यमुना सिटी में 250 औद्योगिक इकाइयां शुरू हो जाएंगी। इनमें करीब दो लाख लोगों को रोजगार मिलेंगे। प्राधिकरण का मानना है कि शहर में रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे तो बसावट भी तेजी से बढ़ेगी। वहीं एयरपोर्ट शुरू होने से यहां उमद्यमियों को भी काफी फायदा होगा। ऐसे में उड़ान से पहले उद्योग शुरू करने पर बल दिया जा रहा है।

टॉय पार्क में 136 और अपेरल में 81 कंपनियां लगेंगी

प्राधिकरण का दावा है कि टॉय पार्क में 136 और अपेरल पार्क में दिसंबर तक 81 कंपनियां तैयार हो जाएगी। इनके लिए भूखंडों का आवंटन हो चुका है और निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अपेरल पार्क में गारमेंट्स से जुड़ी फैक्टरियां व कंपनियां आएगी, जबकि टॉय पार्क में खिलौनों से जुड़ी कंपनियां निवेश को आगे आ चुकी है।

निर्माण के लिए नक्शे पास

प्राधिकरण ने औद्योगिक सेक्टरों में गतिविधियां तेज करने के लिए धरातल पर कार्य शुरू कर दिए है। 91 छोटी-बड़ी कंपनियों के निर्माण के लिए नक्शे पास किए जा चुके हैं। सेक्टरों में निर्माण को लेकर प्राधिकरण की ओर से 70 प्रतिशत तक मूलभूत सुविधाओं को विकसित किया जा चुका है। अब जल्द ही इन कंपनियों को भी निर्माण की अनुमति दे दी जाएगी।

यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने कहा, 'यमुना सिटी में वीवो का नया प्लांट शुरू हो गया है, जिसमें प्रतिवर्ष छह करोड़ मोबाइल का उत्पादन होगा। एयरपोर्ट पर उड़ान शुरू होने के दो माह बाद तक यमुना सिटी में 250 विभिन्न प्रकार के उद्योग शुरू हो जाएंगे।'

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें