Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़delhi water crisis bjp manoj tiwari accuse cm kejriwal of surrendering water to tanker mafia

टैंकर माफिया को सौंपा दिल्ली का पानी, पीढ़ियां नहीं करेंगी माफ; मनोज तिवारी का CM केजरीवाल पर बड़ा आरोप

दिल्ली में पानी की किल्लत के बीच बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने सीएम पर पानी की चोरी करने और उसे टैंकर माफिया को देने का आरोप लगाया।

Sneha Baluni एएनआई, नई दिल्लीThu, 20 June 2024 04:55 AM
share Share

दिल्ली में पानी की भारी दिक्कत है। बीजेपी जहां जल संकट को लेकर लगातार आप सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। वहीं जल मंत्री आतिशी हरियाणा पर पानी नहीं देने का आरोप लगा रही हैं। इसी बीच पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने जल संकट को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने सीएम पर पानी की चोरी करने और उसे टैंकर माफिया को देने का आरोप लगाया। तिवारी ने आगे आरोप लगाया कि वर्षा जल संचयन जैसे विकल्पों पर विचार किए बिना मुख्यमंत्री मामले को भटकाना चाहते हैं।

बीजेपी सांसद ने बुधवार को एएनआई से बात करते हुए कहा, 'क्या अरविंद केजरीवाल को दिल्ली में गिरते भूजल की चिंता है? नहीं। दिल्ली की आने वाली पीढ़ियां आपको कभी माफ नहीं करेंगी। दिल्ली के आम लोगों के लिए जो पानी चाहिए था, आपने उसे टैंकर माफिया को सौंप दिया। दिल्ली के गिरते भूजल को ठीक किया जा सकता है, इसके लिए सबसे अच्छा और प्रभावी उपाय वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) है। क्या आपका इससे कोई लेना-देना है? आप बस मामले को भटकाना चाहते हैं।'

तिवारी ने आगे कहा, 'आज यमुना भी सूख गई है, यमुना में नाले का पानी बह रहा है, लेकिन आपको इससे क्या मतलब? क्या आपको इस बात की चिंता है कि यमुना में बह रहे पानी को कैसे रोका जाए? यह आपकी सोच में बिल्कुल नहीं है... मुझे विश्वास है कि दिल्ली की जनता जागेगी और ऐसे झूठे अत्याचारियों का अंत निकट है।' इससे पहले बुधवार को भाजपा ने जल संकट को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कल्याण विहार स्थित इंदिरा कैंप के प्रदर्शन में दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा, पार्टी सांसद बांसुरी स्वराज और प्रवीण खंडेलवाल समेत कई नेताओं ने हिस्सा लिया।

जल संकट पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा, 'दिल्ली सरकार का प्रशासन भ्रष्ट है। हरियाणा सरकार ने कल भी अतिरिक्त पानी दिया, मैंने पानी छोड़े जाने के दस्तावेज देखे हैं। आप के नेता पानी की कालाबाजारी में लिप्त हैं।' बांसुरी स्वराज ने इस बात पर जोर दिया कि राजधानी में लोग पीने योग्य पानी के अभाव में गंदे पानी का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने आप पर झूठे वादे करके लोगों को बेवकूफ बनाने का आरोप लगाया। 

स्वराज ने कहा, 'स्थिति भयानक है। लोगों को गंदे पानी का उपयोग करना पड़ रहा है। हम जितने पानी के टैंकर उपलब्ध करा सकते थे, उतने मंगवाए हैं। आप नेताओं ने झूठे वादे किए और लोगों को बेवकूफ बनाया। उन्होंने पिछले दस सालों में लोगों के लिए कुछ नहीं किया।' वहीं पानी की किल्लत पर सियासी घमासान भी जारी है। भाजपा ने आप पर टैंकर माफिया के खिलाफ एक्शन नहीं लेने का आरोप लगाया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें