Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़Congress candidate kanhaiya kumar meet arvind kejriwal wife sunita kejriwal

'किसी को भी जेल में बंद कर रहे, हम एकजुट हैं'; सुनीता केजरीवाल से मिल क्या बोले कन्हैया

कन्हैया कुमार ने आगे कहा कि आज सवाल यह है कि दिल्ली के लोगों को अपमानित किया जा रहा है। यहां के सीएम को पकड़ कर जेल में डाला गया है। दिल्ली में बार-बार विकास के कार्यों को रोका गया है।

Nishant Nandan एएनआई, नई दिल्लीWed, 1 May 2024 08:35 AM
share Share

 दिल्ली में लोकसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज है। इस बीच INDIA गठबंधन के प्रत्याशी कन्हैया कुमार ने बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की है। कन्हैया कुमार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस ने टिकट दी है। इस सीट पर उनका मुकाबला बीजेपी के मौजूदा सांसद मनोज तिवारी से है। दिल्ली के कथित शराब घोटाले में तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी से मुलाकात के बाद कन्हैया ने मीडिया से भी बातचीत की है। इस बातचीत के दौरान कन्हैया ने कहा कि अभी देश में तानाशाही है और किसी को भी पकड़ कर जेल में डाल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुनीता केजरीवाल से मिलकर हमने ेउनसे कहा है कि हम एकजुट हैं और उनके साथ हैं। दोनों की यह मुलाकात मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई है।

सुनीता केजरीवाल से मिल कर कन्हैया कुमार ने कहा, 'वैसे तो यह एक शिष्टाचार भेंट थी। लेकिन मुझे  व्यक्तिगत तौर पर लगता है कि यह एक आत्मीय मुलाकात थी। इस लिहाज से कि देश में अभी जो परिस्थिति है और जिस तरह से तानाशाही चल रही है कि किसी को भी पकड़ कर जेल में बंद कर देना यह ठीक नहीं है। इस तानाशाही के खिलाफ हम लोग पिछले कई सालों से लड़ रहे हैं। तानाशाही के खिलाफ लड़ाई में हम एकजुट हैं। देश में संविधान और लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है। हम सभी मिल कर देश और संविधान दोनों को बचाए्ंगे।'

कन्हैया कुमार ने भरोसा जताया कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह से एकजुट है। दिल्ली में भी इंडिया गठबंधन सातों सीट पर चुनाव लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली की चार सीटों पर नहीं बल्कि इंडिया गठबंधन 543 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। इसलिए जो भी रणनीति बनाई जा रही है वो पूरी दिल्ली या दिल्ली के लिए बन रही है, किसी एक सीट के लिए नहीं।

कन्हैया कुमार ने आगे कहा कि आज सवाल यह है कि दिल्ली के लोगों को अपमानित किया जा रहा है। यहां के सीएम को पकड़ कर जेल में डाला गया है। बार-बार विकास के कार्यों को दिल्ली में अटकाने की कोशिश की जाती है। कई नेताओं को चुनाव के बीच पकड़ कर जेल में डाल दिया गया जिससे दिल्ली की जनता का अपमान हुआ है। यह चुनाव दिल्ली की जनता के आत्मसम्मान का चुनाव है। 


 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें