Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़Arvind Kejriwal said Hindustan-Pakistan has been created between opposition and modi government

'हिन्दुस्तान-पाकिस्तान बना रखा है', केंद्र पर बरस केजीरावल बोले- तीन तरीके से तंग कर रहे

केजरीवाल ने कहा है कि केंद्र सरकार ने विपक्ष के साथ जंग छेड़ रखा है. युद्ध छेड़ रखा है। पाकिस्तान-हिन्दुस्तान बना रखा है। सारी राज्यों के विपक्ष की सरकारों को प्रताड़ित करने का हथकंडा अपना रही है।

Nishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 8 Feb 2024 08:10 AM
share Share

केरल की पिनरई विजयन सरकार ने केंद्र सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री पिनरई विजयन अपने कई मंत्रियों के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने पहुंचे। जंतर-मंतर पर इस प्रदर्शन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान भी शामिल हुए। प्रदर्शनस्थल से अपने संबोधन में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार विपक्षी पार्टियों के साथ बुरा बर्ताव कर रही है। केजीरवाल ने कहा कि देश का बुरा हाल है। केंद्र सरकार को घेरते हुए सीएम केजरीवाल ने कहा कि सरकार तीन तरह से विपक्षी पार्टियों को परेशान कर रही है।

सीएम ने अपने भाषण में कहा, 'ये जंतर मंतर वो जगह है जहां देश की प्रजा सरकारों के प्रताड़ना से तंग आकर यहां आती है। लेकिन आज यहां केरल के मुख्यमंत्री को अपना काम-धाम छोड़ कर आना पड़ा केंद्र सरकार के खिलाफ। आज लगभग आधे राज्य के अंदर विपक्ष की सरकारें हैं और आधे में उन लोगों की सरकारें हैं।'

केजरीवाल ने आगे कहा, 'आज लगभग 70 करोड़ लोगों का प्रतिनिधत्व विपक्ष की सरकार करती है। आधे लोगों का प्रतिनिधित्व केंद्र सरकार की पार्टी करती है। आज ऐसा लगता है कि केंद्र सरकार ने विपक्ष के साथ जंग छेड़ रखा है. युद्ध छेड़ रखा है। पाकिस्तान-हिन्दुस्तान बना रखा है। क्या आप केरल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु के लोगों को अपना नहीं मानते है। क्या यह अपने लोग नहीं है। यहां के लोगों ने अपनी सरकारें बनाईं। संविधान के अंदर लिखा है कि इन राज्यों के सरकारों की क्या शक्तियां हैं।

सारी राज्यों के विपक्ष की सरकारों को प्रताड़ित करने का हथकंडा अपना रही है। केंद्र सरकार विपक्ष के सरकारों को तंग करने के लिए तीन तरह के हथकंडे अपना रही है।' केजरीवाल ने कहा, केंद्र सरकार 'फंड नहीं देती है। राज्यपाल और उपराज्यापल के जरिए हर काम में टांग अड़ा रही है इनका तीसरा तरीका यह है कि जांच एजेंसी के जरिए हमें डरा रही है।'

दिल्ली के लोग हर साल 2 लाख करोड़ रुपये टैक्स देते हैं - केजरीवाल

सीएम केजरीवाल ने आगे कहा, 'केंद्र सरकार अगर फंड नहीं देगी तो राज्य कैसे चलेगा। हम यहां भीख मांगने नहीं आएं हैं। पिनरई विजयन यहां अपने और अपने परिवार के लिए फंड मांगने नहीं आए हैं। वो यहां केरल के लोगों के लिए फंड मांगने आए हैं। मैं यहां 2 करोड़ लोगों के लिए आया हूं। जो दिल्ली, पंजाब, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु के लोगों का हक है वो आप उनका हक कैसे छिन सकते हैं।

अगर आप फंड नहीं देंगे तो हम विकास कैसे करेंगे। हम अपने फंड के लिए भी सुप्रीम कोर्ट जाएंगे क्या। ये क्या बदतमीजी है। दिल्ली के लोग मिलकर हर साल 2 लाख करोड़ का इंकम टैक्स देते हैं। इसमें से हमें 1 साल में 325 करोड़ रुपये मिलते हैं, इतना तो अंग्रेजों ने भी नहीं लूटा होगा। यह तो हद हो गई।'

मुझे पकड़कर जेल में डाल देंगे - केजरीवाल

सीएम केजरीवाल ने कहा कि विपक्षी पार्टियों के शासन वाले राज्य में राज्यपाल और उप राज्यपाल के जरिए हर काम को रोका जाता है। काम नहीं करने दिया जाता है। केजरीवाल ने कहा, 'इनका नया हथियार आ गया है ईडी। अभी तक यह तरीका था कि अगर कोई क्राइम होता था तो मुकदमा चलता था और सजा होती थी। लेकिन अब ये पहले तय कर लेते हैं कि किसको जेल में बेजना है। ये किसी को पकड़कर जेल में डाल देते हैं। फिर वो किसी को तब तक जेल में रखते हैं जब तक कि वो निर्दोष साबित नहीं हो जाता।

हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया है। अभी उनका कोई दोष साबित नहीं हुआ लेकिन उनको जेल में डाल दिया।कल मुझे पकड़कर जेल में डाल देंगे, पिनरई विजयन को पकड़कर जेल में डाल देंगे। स्टालिन को जेल में डाल देंगे और सरकार गिरा देंगे। ये अब किसी को भी पकड़कर जेल में डाल देंगे और अपनी सरकार बना लेंगे'। केजरीवाल ने अपने भाषण के अंत में कहा कि समय का पहिया घूमता रहता है। ऐसा ना हो कि समय बदलने पर आप विपक्ष में आए और आपके ही कानून आपको भारी पड़ जाएं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें