Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़नई दिल्लीSouthwest Monsoon to Retreat from India Between September 19-25 IMD

मानसून 19 से 25 सितंबर के बीच लौट सकता: मौसम विभाग

- इस बार सामान्य से आठ प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज नई दिल्ली, एजेंसी। दक्षिण-पश्चिम

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 12 Sep 2024 04:54 PM
share Share

नई दिल्ली, एजेंसी। दक्षिण-पश्चिम मानसून 19 से 25 सितंबर के बीच देश से लौटना शुरू हो सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को यह जानकारी दी। मानसून के मौसम में इस बार सामान्य से आठ प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। दक्षिण-पश्चिम मानसून आमतौर पर एक जून तक केरल में प्रवेश करता है और आठ जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाता है। यह 17 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत से पीछे हटना शुरू होता है और 15 अक्तूबर तक पूरी तरह से वापस चला जाता है।

आईएमडी ने कहा कि 19-25 सितंबर के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।

मानसून सीजन चार महीने का होता है और इस बार एक जून से अब तक देश में 836.7 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह सामान्य (772.5 मिमी) से आठ प्रतिशत अधिक है। पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से 16 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई जबकि उत्तर-पश्चिम में चार प्रतिशत, मध्य में 19 प्रतिशत और दक्षिण भारत में 25 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज हुई। आईएमडी के अनुसार पंजाब, पूर्वोत्तर राज्यों के अलावा, हिमाचल प्रदेश, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख तथा बिहार के हिस्सों में इस मौसम में अब तक कम वर्षा दर्ज की गई है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें