Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़नई दिल्लीIndia Dominates Asian Champions Trophy 5-1 Victory Over Japan

खेल : हॉकी - सुखजीत के ‘डबल से भारत की लगातार दूसरी जीत, जापान को शिकस्त दी

भारतीय हॉकी टीम ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में जापान को 5-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। सुखजीत सिंह ने दो गोल किए, जबकि अभिषेक, संजय और उत्तम सिंह ने भी गोल किए। भारत ने पहले दिन चीन को 3-0 से...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीMon, 9 Sep 2024 12:30 PM
share Share

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी : चीन को हराने के दूसरे दिन हरमनप्रीत सिंह की टीम ने 5-1 से जीत दर्ज ; अभिषेक , संजय और उत्तम सिंह ने भी गोल किए सुखजीत के ‘डबल से भारत की लगातार दूसरी जीत, जापान को शिकस्त दी

08 गोल दो मैच में भारतीय टीम ने किए, एक गंवाया

07 पेनाल्टी कॉर्नर भारत को मिले, एक पर गोल किया

आज पूरी टीम ने प्रयास किया और हमने 'बेसिक्स' पर ध्यान दिया। हमने अच्छा आक्रमण किया और सुनिश्चित किया कि हम गोल पर ध्यान लगाये रहें।

-अभिषेक, भारतीय हॉकी खिलाड़ी

हुलुनबुइर (चीन), एजेंसी। लगातार दो दिन में दो मैच और दोनों में जीत। एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। सोमवार को सुखजीत सिंह के दो गोल की मदद से गत चैंपियन भारत ने टूर्नामेंट के लीग मैच में जापान को 5-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। पहले दिन भारत ने चीन को 3-0 से हराया था।

सुखजीत ने दूसरे और 60वें मिनट में गोल किए जबकि अभिषेक (तीसरे), संजय (17वें) और उत्तम सिंह (54वें) अन्य गोल करने वाले भारतीय खिलाड़ी रहे। मात्सुमोतो काजुमासा ने 41वें मिनट में जापान के लिए एक गोल किया।

मैदानी गोल से बढ़त ली : रविवार को शुरुआती राउंड-रॉबिन लीग मैच में चीन को हराने वाली चार बार की चैंपियन भारतीय टीम को दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले जबकि जापान की टीम ने पांच पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए। भारत ने दूसरे मिनट में ही सुखजीत के मैदानी गोल की बदौलत बढ़त ली। सर्कल के दाईं ओर खड़े संजय ने क्रॉस किया जिसे सुखजीत ने तेजी से डिफ्लेक्ट कर दिया।

अभिषेक ने बढ़त दोगुनी की : अगले मिनट अभिषेक ने जापानी डिफेंडरों को चकमा देते हुए गोलकीपर को हैरान करके भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। दूसरे क्वार्टर में संजय ने 17वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। हाफ टाइम पर स्कोर 3-0 था।

टूर्नामेंट के पिछले चरण में तीसरे स्थान पर रहने वाली जापानी टीम ने पेनाल्टी कॉर्नर हासिल करने के लिए हमले तेज किए लेकिन जापान के ड्रैग फ्लिकर भारतीयों के सामने नाकाम रहे। भारतीय टीम ने तेजी से जवाबी हमला किया और इस दौरान जुगराज सिंह ने फ्री हिट हासिल की, पर फायदा नहीं मिला। दूसरे क्वार्टर में भारत ने 11 बार सर्कल में प्रवेश किया और गोल पर तीन शॉट लगाए।

जापान ने खाता खोला : हाफ-टाइम ब्रेक के बाद भारत ने फुर्ती बनाए रखने की कोशिश की। लेकिन जापान ने उन्हें कोई गोल नहीं करने दिया। फिर जापान के लिए 41वें मिनट में काजुमासा ने मैदानी गोल कर दिया। भारतीय गोलकीपर कृष्ण पाठक गोल रोकने के लिए कुछ खास नहीं कर सके।

भारत का चौथे गोल का श्रेय जर्मनप्रीत सिंह के अच्छे ‘स्टिक वर्क को जाता है जिन्होंने बेहतरीन मैदानी गोल करने में उत्तम सिंह की मदद की। फिर अभिषेक की सहायता से सुखजीत ने 60वें मिनट में अपने नाम एक और गोल किया।

मलेशिया से बुधवार को मुकाबला : हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम अब बुधवार को पिछले चरण की उपविजेता टीम मलेशिया से भिड़ेगी। मंगलवार को आराम का दिन है। छह टीमों के बीच राउंड-रॉबिन लीग के बाद शीर्ष चार टीमें 16 सितंबर को खेले जाने वाले सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। फाइनल 17 सितंबर को होगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें