Hindi Newsएनसीआर न्यूज़gurugram nagar nigam ward 36 candidates announcement new faces 18 out 9 retained

BJP ने 18 पार्षदों का टिकट काटा,नौ पर फिर भरोसा, गुरुग्राम नगर निगम के 36 वार्ड के सभी प्रत्याशियों की घोषणा

  • भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को गुरुग्राम नगर निगम के 36 वार्ड में अपने पार्षद प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। पार्टी ने मौजूदा महापौर मधु आजाद, उप-महापौर सुनीता यादव सहित 18 मौजूदा पार्षदों के टिकट काट दिए।

Utkarsh Gaharwar लाइव हिन्दुस्तान, गुरुग्रामSun, 16 Feb 2025 12:52 PM
share Share
Follow Us on
BJP ने 18 पार्षदों का टिकट काटा,नौ पर फिर भरोसा, गुरुग्राम नगर निगम के 36 वार्ड के सभी प्रत्याशियों की घोषणा

भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को गुरुग्राम नगर निगम के 36 वार्ड में अपने पार्षद प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। पार्टी ने मौजूदा महापौर मधु आजाद, उप-महापौर सुनीता यादव सहित 18 मौजूदा पार्षदों के टिकट काट दिए। नौ मौजूदा पार्षद को दोबारा से उम्मीदवार बनाया है। टिकट कटने से दावेदार और समर्थक नाराज हैं। हालांकि, पार्टी का दावा है कि सबकुछ ठीक है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने बताया कि मेयर और पार्षदों का टिकट वितरण काफी सोच समझ कर किया गया है। इस बार निकाय चुनाव में 70 फीसदी नए चेहरों को मैदान में उतारा गया है। टिकट वितरण में सर्वे रिपोर्ट की बड़ी भूमिका है। मौजूदा सांसद, मंत्री और विधायकों की सिफारिश को भी ध्यान में रखा गया है।

इन पर दोबारा भरोसा जताया

भाजपा के कार्ड में सही फीट बैठने वाले नौ मौजूदा पार्षदों पर दोबारा टिकट देकर मैदान में उतारा गया है। इनमें से वार्ड-7 से पहले दिनेश सैनी पार्षद थे, अब उनकी जगह पर उनकी पत्नी रेखा सैनी को टिकट दिया गया है। पहले वार्ड-17 से रजनी साहनी पार्षद थी, लेकिन इस बार उनके पति दिलीप साहनी को टिकट दिया गया है। इसी तरह ब्रह्म यादव, कुलदीप यादव, आरती यादव, अनूप, धर्मबीर जुलाह, मधु बत्रा और शीतल बागड़ी को दोबारा उम्मीदवार बनाया है। इनके वार्ड बदल दिए गए हैं।

2017 की यह थी स्थिति

साल 2017 में हुए निकाय चुनाव में भाजपा के टिकट पर 13 पार्षदों ने जीत दर्ज की थी। इसके अलावा 20 निर्दलीय जीतकर आए पार्षदों ने भाजपा को समर्थन दिया था। कांग्रेस उम्मीदवार प्रोमिला गजे कबलाना और निर्दलीय प्रत्याशी आर एस राठी ने समर्थन नहीं किया था। सदन में 35 वार्ड में से भाजपा के पास 33 पार्षदों का समर्थन था। इस दौरान निर्दलीय प्रत्याशी आर एस राठी का निधन होने के बाद भाजपा ने रमा रानी राठी को उम्मीदवार बनाया था और उन्होंने जीत दर्ज की थी।

बैठक कर फैसला लेंगे

पूर्व उपमहापौर परमिंद्र कटारिया भी भाजपा से पार्षद के लिए टिकट मांग रहे थे, लेकिन उनको टिकट नहीं दिया गया। ऐसे में वह रविवार को समर्थकों के साथ बैठक करेंगे। फिर चुनाव लड़ने पर फैसला लेंगे। भाजपा नेता गगन गोयल ने कहा कि पार्टी ने नगर निगम चुनाव में टिकटों के आवंटन में वैश्य समाज के साथ भेदभाव किया है।

गुरुग्राम नगर निगम के लिए भाजपा से राजरानी मल्होत्रा को मेयर पद का उम्मीदवार बनाया गया। टिकट मिलने के बाद राजरानी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि वह सामाजिक तौर पर कई सालों से काम कर रही थीं। साल 2017 में मेयर बनने का सपना देखा था और अब पार्टी ने टिकट देकर उम्मीदवार बनाया है। वह काफी खुश हैं। सभी के साथ मिलकर वह प्रचार करेंगी और शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने संकल्प के साथ काम करेंगी।

भाजपा ने मौजूदा मेयर मधु आजाद का टिकट काट दिया गया। मौजूदा डिप्टी मेयर सुनीता यादव, पार्षद शकुंतला यादव, रविंद्र यादव, रिपंल यादव, योगेंद्र सिंह सारवान, सुभाष सिंगला, अश्वनी शर्मा, कपिल दुआ, सुनीता यादव, अश्वनी शर्मा, सुनील कुमार, सुभाष फौजी, प्रवीणलता का भी टिकट कट गया है।

नाराज पूर्व पार्षद और कार्यकर्ताओं को मनाया जाएगा

भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव ने कहा कि चुनाव लड़ने के लिए काफी लोगों ने आवेदन किया था। सभी मजबूत उम्मीदवार थे। उम्मीदवार बनाने के लिए पार्टी को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जिनको टिकट नहीं मिली, उनको नहीं सोचना चाहिए कि वह कमजोर उम्मीदवार है। सभी पार्टी के मजबूत कार्यकर्ता है। नाराज पूर्व पार्षद और दावेदारों को मनाया जाएगा। भाजपा निगम में क्लीन स्वीप करेगी।

ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी

राज्यसभा सांसद एवं गुरुग्राम चुनाव प्रभारी सुभाष बराला ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा को विजयश्री मिलना तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा निकाय चुनाव को गंभीरता से ले रही है। बराला ने कहा कि मेयर, चेयरमैन और सभी पार्षद भाजपा के चुने जाएंगे और हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा विकास और सुशासन के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

75 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा

नगर निगम मानेसर और गुरुग्राम के अलावा नगर परिषदों के लिए शनिवार को 75 प्रत्याशियों ने नामांकन भरा। मेयर पद के लिए किसी ने पर्चा नहीं भरा।

गुरुग्राम नगर निगम से भाजपा के पार्षद प्रत्याशी

वार्ड-1 सुंदर सिहं

वार्ड-2 ज्योत्सना विपीन यादव

वार्ड-3 पवन यादव

वार्ड- 4 संदीप यादव

वार्ड- 5 राकेश राणा जाट

वार्ड- 6 एकता त्यागी पत्नी पिंटू त्यागी

वार्ड- 7 मुकेश कौशिक ब्राहमण

वार्ड- 8 नरेश कटारिया जाट

वार्ड- 9 ब्रह्म यादव

वार्ड- 11 कुलदीप यादव

वार्ड- 12 सीमा पत्नी राजेश ठाकरान

वार्ड- 13 पवन सैनी

वार्ड- 14 प्रथम वशिष्ठ पुत्र प्रवीन वशिष्ठ

वार्ड- 15 भारती हरसाना गुर्जर

वार्ड-16 विक्रम जीत

वार्ड- 17 आंचल भाटी पुत्री रामबीर

वार्ड- 18 प्रिया मुकेश यादव जेलदार

वार्ड- 19 अमित राज सिंह भड़ाना गुर्जर

वार्ड- 20 नारायण भड़ाना गुर्जर

वार्ड- 21 सोनिया यादव

वार्ड- 22 विकास यादव

वार्ड- 23 कुलदीप यादव

वार्ड- 24 आरती यादव पत्नी अनिल यादव

वार्ड- 25 अनूप पार्षद

वार्ड- 26 सुनिता रानी पत्नी संजीव वर्मा सुनार

वार्ड- 27 चंचल कौशिक

वार्ड- 28 धर्मबीर जुलाह

वार्ड- 29 उषा जीतेन्द्र वर्मा खाती

वार्ड- 30 मधु बत्रा पत्नि यशपाल बत्रा

वार्ड- 31 दिलीप साहनी हरिजन

वार्ड- 32 विजय परमार राजपूत

वार्ड- 33 शीतल बागड़ी/मंगत राम बागड़ी खटिक

वार्ड- 34 सुरेखा चौहान जटाव

वार्ड- 35 वरुण कौशिक ब्राह्मण

वार्ड- 36 रेखा सैनी पत्नी दिनेश सैनी

अगला लेखऐप पर पढ़ें