करोड़पति हैं दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, जानिए उनके पास है कितना सोना और कितनी है उनकी दौलत
- रेखा गुप्ता ने संपत्ति गिरवी रखकर 36 लाख 57 हजार रुपए का ऋण भी ले रखा है। इसके अलावा केशव सहकारी बैंक से भी उन्होंने 11 लाख 87 हजार 398 रुपए का लोन ले रखा है। उनके ऊपर करीब साढ़े 48 लाख रुपए की देनदारी है।

दिल्ली के शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से पहली बार निर्वाचित विधायक रेखा गुप्ता गुरुवार को दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री काफी अमीर हैं, और उनके पास करोड़ों की संपत्ति है। दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले दिए शपथपत्र के अनुसार रेखा गुप्ता के पास करीब 1.25 करोड़ रुपए की चल और करीब 2.3 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। वहीं उनके पति मनीष गुप्ता के पास 1. 14 करोड़ रुपए की चल व 30 लाख रुपए की अचल संपत्ति है।
सीएम रेखा गुप्ता के पास बैंक में है इतना धन
चुनावी हलफनामे के अनुसार दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता के पास 1 लाख 48 हजार रुपए का कैश है। बैंक में जमा धनराशि की बात करें तो रेखा गुप्ता के नाम अलग-अलग बैंक खातों में करीब 22,44,242 रुपए जमा है। जिसमें से SBI पीतमपुरा की ब्रांच में मौजूद उनके सेविंग्स अकाउंट में 20 लाख 81 हजार 343 रुपए जमा है। इसके अलावा SBI उत्तरी पीतमपुरा की ब्रांच में उनके नाम पर 10 हजार रुपए जमा है। केशव सहकारी बैंक के जमा खाते में उनके नाम पर 5877 रुपए जमा है। इसके अलावा इसी बैंक में उनके नाम पर 4182 रुपए जमा हैं। रेखा गुप्ता के नाम पर PPF खाते में 1 लाख 42 हजार 840 रुपए जमा है।
नई मुख्यमंत्री के पास 18 लाख रुपए का सोना
चुनाव के वक्त दिए एफिडेविट के अनुसार दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के पास 225 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत 18 लाख रुपए से ज्यादा है। वही उनके पति मनीष गुप्ता के पास 135 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत करीब साढ़े 11 लाख रुपए है। इसके अलावा रेखा गुप्ता के पास करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपए की अचल संपत्ति भी है। वहीं उनके पति के नाम पर सिर्फ 30 लाख रुपए की अचल संपत्ति है।
करीब 1 लाख रुपए के शेयर्स की मालकिन हैं रेखा
रेखा गुप्ता के पास केशव सहकारी बैंक लिमिटेड के 200 शेयर हैं, जिनकी कीमत 20 हजार रुपए है। इसके अलावा हिंदुस्तान समाचार लिमिटेड के 100 शेयर हैं, जिनकी कीमत 10 हजार रुपए है। इसके अलावा उनके डीमैट अकाउंट में करीब 70,500 रुपए के शेयर्स भी रखे हुए हैं। इसके अलावा उन्होंने अपनी एक परिचित को 51 लाख 90 हजार रुपए का लोन भी दे रखा है।
नई मुख्यमंत्री ने ले रखा है इतना लोन
रेखा गुप्ता ने संपत्ति गिरवी रखकर 36 लाख 57 हजार रुपए का ऋण भी ले रखा है। इसके अलावा केशव सहकारी बैंक से भी उन्होंने 11 लाख 87 हजार 398 रुपए का लोन ले रखा है। उनके ऊपर कुल 48 लाख 44 हजार 685 रुपए की देनदारी है। इसके अलावा उनके पास अलग-अलग कंपनियों की कई बीमा पालिसी भी हैं।