गणतंत्र दिवस परेड देखने अगर मेट्रो से है जाना, शेड्यूल देखना मत भूल जाना; DMRC ने बदली टाइमिंग
Delhi Metro Timings: गणतंत्र दिवस परेड देखने जाने वाले लोगों की सुविधा के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो ने बड़ा कदम उठाया है। रविवार 26 जनवरी को तड़के तीन बजे मेट्रो सेवा शुरू हो जाएंगी। इससे लोग आसानी से कर्तव्य पथ पहुंच पाएंगे।

Delhi Metro Timings: गणतंत्र दिवस परेड देखने जाने वाले लोगों की सुविधा के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो ने बड़ा कदम उठाया है। रविवार 26 जनवरी को तड़के तीन बजे मेट्रो सेवा शुरू हो जाएंगी। इससे लोग आसानी से कर्तव्य पथ पहुंच पाएंगे। मेट्रे के आधिकारिक बयान के मुताबिक देश भर में गणतंत्र दिवस के उत्सव के बीच दिल्ली मेट्रो रविवार को सुबह तीन बजे सभी लाइनों पर अपनी सेवाएं शुरू कर देगी, ताकि लोग कर्त्तव्य पथ तक पहुंच सकें और वहां आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड और समारोह देख सकें।
30 मिनट के अंतराल पर मिलेगी ट्रेन
डीएमआरसी के प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (कॉरपोरेट कम्युनिकेशन) अनुज दयाल ने कहा, 'यात्रियों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सुबह छह बजे तक 30 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें चलेंगी, जिसके बाद शेष दिन के लिए नियमित समय सारिणी (टाइम टेबल) का पालन किया जाएगा।' इसमें कहा गया है कि यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना तदनुसार बनाने और आखिरी समय पर होने वाली किसी भी असुविधा से बचने के लिए सुबह की मेट्रो सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस समारोह के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, जिससे लोगों को कई सड़कों पर लागू प्रतिबंधों और रूट डायवर्जन की जानकारी मिल सके। एडिशनल पुलिस कमिश्नर (यातायात) डीके गुप्ता ने पीटीआई को बताया कि शनिवार शाम से शहर की सीमाओं पर प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। गुप्ता ने कहा, 'हमने एक विस्तृत यातायात योजना बनाई है, जिसके अनुसार शनिवार (25 जनवरी) रात नौ बजे से सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और केवल आवश्यक वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। यह प्रतिबंध परेड समाप्त होने तक लागू रहेगा।'
इसके अलावा विजय चौक से लाल किले तक परेड मार्ग की ओर जाने वाली सड़कों पर भी मार्ग परिवर्तन रहेगा। उन्होंने बताया कि शनिवार रात 9:15 बजे के बाद सी-हेक्सागन पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। एडवाइजरी के अनुसार, गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10:30 बजे विजय चौक से शुरू होकर लाल किले तक जाएगी। सुबह 9:30 बजे इंडिया गेट स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर समारोह होगा। उन्होंने बताया कि परेड विजय चौक, कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के चारों ओर तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग और लाल किला से होकर गुजरेगी।