दिल्ली में कांग्रेस ने 2-4 नहीं, 24 सीटों पर बिगाड़ा खेल; आप के अलावा BJP को भी हुआ नुकसान
- नई दिल्ली विधानसभा सीट पर अरविंद केजरीवाल भाजपा के परवेश वर्मा से 4,089 वोटों से हार गए। यहां कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित के खाते में 4,568 वोट गए।

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में कांग्रेस ने करीब एक तिहाई सीटों पर खेल बिगाड़ने का काम किया। इसके चलते भाजपा की तुलना में आम आदमी पार्टी को ज्यादा नुकसान पहुंचा। यह जरूर है कि जिस पार्टी ने साल 2013 तक दिल्ली पर शासन किया था, वो लगातार तीसरे विधानसभा चुनाव में अपना खाता नहीं खोल सकी। आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2020 के चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर 4.26% था, जो अबकी बार बढ़कर 6.34% हो गया। ध्यान देने वाली बात है कि जीत के अंतर से अधिक वोट हासिल करके कांग्रेस ने 24 सीटों पर नतीजों को प्रभावित किया।
राजनीतिक जानकार बताते हैं कि कांग्रेस के खराब प्रदर्शन का सीधा लाभ आम आदमी पार्टी को मिलता रहा। माना गया कि उसके समर्थक पूरी तरह अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाले राजनीतिक दल के साथ हो लिए। इस बार करीब 17 निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन ने AAP के जीतने की संभावनाओं पर पानी फेर दिया। अरविंद केजरीवाल और दूसरे सीनियर नेताओं के खिलाफ कांग्रेस ने मजबूत उम्मीदवार उतारे। इस रणनीति ने कई निर्वाचन क्षेत्रों में सत्तारूढ़ पार्टी की संभावनाओं को धूमिल कर दिया।
अरविंद केजरीवाल की सीट पर यही हुआ
नई दिल्ली विधानसभा सीट पर अरविंद केजरीवाल भाजपा के परवेश वर्मा से 4,089 वोटों से हार गए। यहां कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित के खाते में 4,568 वोट गए। इसी तरह, ग्रेटर कैलाश सीट पर सौरभ भारद्वाज 3,188 वोटों के अंतर से हारे और कांग्रेस कैंडिडेट को 6,711 वोट मिले। मनीष सिसोदिया के नए निर्वाचन क्षेत्र जंगपुरा में भाजपा प्रत्याशी तरविंदर मारवाह 675 वोटों से जीते। यहां कांग्रेस ने पूर्व मेयर फरहाद सूरी को टिकट दिया था जिन्हें 7,350 वोट मिले। कस्तूरबा नगर विधानसभा सीट का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा। कांग्रेस के अभिषेक दत्त दूसरे स्थान पर रहे और आप उम्मीदवार को तीसरे स्थान पर धकेल दिया।
कुछ सीटों पर भाजपा को हुआ नुकसान
इस तरह कांग्रेस ने एकदम साफ तौर पर आप को नुकसान पहुंचाया है। ऐसी स्थिति में भाजपा को फायदा पहुंचा। इस लिस्ट में तिमारपुर, बादली, मुंडका, नांगलोई जाट, मादीपुर, राजिंदर नगर, मालवीय नगर, महरौली, छत्तरपुर, संगम विहार, त्रिलोकपुरी, द्वारका और बिजवासन जैसी सीटें शामिल हैं। इसके अलावा, 7 ऐसे निर्वाचन क्षेत्र रहे जहां कांग्रेस की उपस्थिति ने संतुलन तो जरूर बिगाड़ा मगर इसका लाभ आम आदमी पार्टी को मिला। इस सूची में सदर बाजार, पटेल नगर, दिल्ली छावनी, अंबेडकर नगर, कालकाजी, कोंडली और सीमापुरी शामिल हैं।