निकाय चुनाव को लेकर BJP का संकल्प पत्र तैयार, CM सैनी 24 फरवरी को करेंगे जारी; लोगों के सुझाव पर चर्चा
नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने संकल्प पत्र लगभग तैयार कर लिया है। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली के अनुसार संकल्प पत्र को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रोहतक के भाजपा कार्यालय मंगल कमल से 24 फरवरी को जारी करेंगे।

नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने संकल्प पत्र लगभग तैयार कर लिया है। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली के अनुसार संकल्प पत्र को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रोहतक के भाजपा कार्यालय मंगल कमल से 24 फरवरी को जारी करेंगे। गुरुवार को गुरुग्राम के भाजपा कार्यालय गुरुकमल में प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विपुल गोयल, एडवोकेट विजयपाल की उपस्थिति में भाजपा नेताओं ने संकल्प पत्र तैयार करने को लेकर घंटों मंथन किया।
शहर और वार्डों के मुद्दों पर चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि अगले एक से दो दिनों में इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बताया कि संकल्प पत्र में हर वर्ग का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र के लिए कुछ और भी अच्छे सुझाव आएंगे तो अगले एक दो दिनों में उन्हें भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रदेश के नेता संकल्प पत्र जारी करने के मौके पर उपस्थित रहेंगे। उन्हें विश्वास है कि पार्टी नगर निगम चुनाव को बड़े अंतर से जीतेगी। भाजपा की नीतियों से जनता खुश है और जनता ने ही अपना आशीर्वाद देकर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई है। अब नगर निकाय चुनाव में भी पार्टी की जीत सुनिश्चित है।
‘प्रदेश तेजी से विकास कर रहा’
प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा विकास और जनता की सेवा करने वाली पार्टी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनने पर तेजी से और बिना रुकावट के विकास होगा।
लोगों के भेजे सुझाव पर भी चर्चा
तीन बजे ही बड़ौली, संकल्प पत्र समिति के संयोजक विपुल गोयल समेत अन्य नेता गुरुकमल कार्यालय में पहुंच गए थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जैसे ही बैठक में पहुंचे संकल्प पत्र पर विस्तृत चर्चा शुरू हुई। सभी नेताओं ने लोगों और कार्यकर्ताओं द्वारा भेजे गए सुझावों पर भी विचार किया।