बेहोश होने तक पीटा, मुनक नहर में फेंका शव; दिल्ली में दो भाइयों ने शिकायत करने वाले को बेरहमी से मार डाला
दिल्ली के आउटर नॉर्थ पुलिस ने जांच कर्मचारी का अपहरण कर हत्या के मामले में शामिल दो सगे भाइयों को गुरुवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बताया कि उनकी फैक्टरी पर पड़े छापे में जांच कर्मचारी की भूमिका की वजह से हत्या की थी।

दिल्ली के आउटर नॉर्थ पुलिस ने जांच कर्मचारी का अपहरण कर हत्या के मामले में शामिल दो सगे भाइयों को गुरुवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बताया कि उनकी फैक्टरी पर पड़े छापे में जांच कर्मचारी की भूमिका की वजह से हत्या की थी। आरोपियों से पूछताछ के बाद समयपुर बादली पुलिस मुनक नहर में शव की तलाश में जुटी है।
मूल रूप से असम निवासी 51 वर्षीय पुतुल गोहेन समयपुर बादली इलाके में किराए के मकान में रहते थे। पुतुल एक फर्म में जांच कर्मचारी के पद पर थे। यह फर्म नामी कंपनियों के बाजार में नकली उत्पादों की जानकारी जुटाकर संबंधित जिले की डिस्ट्रिक्ट इन्वेस्टीगेशन यूनिट (डीआईयू) में शिकायत देने का काम करती है।
पुतुल सोमवार को संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में तेल कंपनी से जुड़े उत्पाद की जांच कर रहे थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। कंपनी के कर्मचारियों ने संपर्क नहीं होने पर पुतुल की गुमशुदगी की शिकायत बुधवार को समयपुर बादली थाने में दी थी।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से पकड़ में आए आरोपी
अपहरण की धारा में केस दर्ज कर एसीपी दिनेश कुमार की देखरेख में स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर एके झा की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस को किशन ने बताया कि पुतुल बादली निवासी अमित और नितिन यादव के साथ कार में सवार होकर गया था। स्पेशल स्टाफ के हेड कांस्टेबल आशाराम ने दोनों भाइयों के मोबाइल की लोकेशन और रास्ते में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में पुतुल कार में बैठते हुए दिखाई दिए। वहीं, अन्य फुटेज में दोनों आरोपी अपने घर से बोरी निकालकर कार में रखते दिखे। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी अमित ने बताया कि बोरे को कार की डिग्गी में रख दिया। इसके बाद कई स्थानों पर घूमने के बाद कार अपने घर के आगे खड़ी कर दी। अगले दिन शव को मुनक नहर में फेंक दिया।
पानी के प्लांट में ले जाकर बेहोश होने तक पीटा
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों भाई नामी कंपनी के नाम से नकली बिजली स्विच बनाते थे। जनवरी में पुतुल ने फैक्टरी के खिलाफ डीआईयू में शिकायत दी थी। छापे के बाद फैक्टरी बंद हो गई। इसके बाद दोनों भाइयों ने पुतुल के बारे में जानकारी जुटाकर हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने बताया कि मंगलवार को समझौता करने के लिए कार में बैठाया था। इसके बाद पुतुल का मोबाइल फोन बंद कर दिया। इसके बाद बादली स्थित पानी के प्लांट में ले जाकर बंधक बना दिया। कई घंटे तक पिटाई के बाद बेहोश होने पर बोरे में डाल दिया।