दिल्ली विधानसभा में कौन बनेगा विपक्ष का नेता? आतिशी, गोपाल राय सहित लिस्ट में किन-किन AAP विधायकों के नाम
दिल्ली में अगले हफ्ते तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने की संभावना है। दूसरी ओर इस बार विपक्ष में बैठने वाली आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली विधानसभा में विपक्ष का नेता किसे बनाती है, इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दिल्ली में अगले हफ्ते तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने की संभावना है। दूसरी ओर इस बार विपक्ष में बैठने वाली आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली विधानसभा में विपक्ष का नेता किसे बनाती है, इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इनमें कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी, पूर्व मंत्री गोपाल राय, चार बार के बुराड़ी विधायक संजीव झा और चार बार के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह के नाम सबसे आगे चल रहे हैं। यह जानकारी आप के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को दी।
एक आप नेता ने बताया, 'विपक्ष के नेता का नाम अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन आतिशी, गोपाल राय, संजीव झा और जरनैल सिंह इस पद के लिए सबसे आगे चल रहे हैं। नाम का आधिकारिक ऐलान तब किया जाएगा जब फैसला हो जाएगा।' हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनावों में आप को झटका लगा और भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की। 27 बाद पार्टी दिल्ली की सत्ता पर काबिज हुई है, उसे 48 सीटें मिली हैं। जबकि आप को केवल 22 सीटें मिलीं।
विपक्ष का नेता बनने की रेस में शामिल आतिशी कालकाजी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं, जहां से उन्होंने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। सितंबर 2024 में मुख्यमंत्री नियुक्त होने से पहले उन्होंने वित्त, पीडब्ल्यूडी, शिक्षा, योजना सहित 18 विभागों को संभालने वाली AAP मंत्री के रूप में कार्य किया। 9 फरवरी को विधानसभा चुनावों के परिणाम घोषित होने के एक दिन बाद उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्हें नए सीएम के शपथ ग्रहण तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने के लिए कहा गया है।
बाबरपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार जीतने वाले गोपाल राय 2015 से दिल्ली के मंत्री हैं और उन्होंने परिवहन, पर्यावरण और विकास सहित कई अन्य विभागों की जिम्मेदारी संभाली है। वह आप के सबसे वरिष्ठ विधायकों में से एक हैं और पार्टी उन्हें एक अच्छा वक्ता मानती है। इसके अलावा, वह आप की दिल्ली इकाई के संयोजक के रूप में भी काम कर रहे हैं। आप के एक मौजूदा विधायक ने कहा कि विपक्ष के नेता के पद के लिए सबसे अच्छा विकल्प अरविंद केजरीवाल या मनीष सिसोदिया होते, लेकिन दोनों ही अपनी नई दिल्ली और जंगपुरा सीट हार गए हैं। आप के बुराड़ी विधायक संजीव झा लगातार चौथी बार चुने गए हैं। वहीं जरनैल सिंह भी चौथी बार तिलक नगर से विधायक बने हैं।