Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़arvind kejriwal when will vacate govt bungalow after resignation cm post

आतिशी को जिम्मेदारी सौंपी, कब सरकारी बंगला खाली करेंगे केजरीवाल? आया जवाब

सीएम पद छोड़ने के बाद अरविंद केजरीवाल कब सरकारी बंगला खाली करेंगे? इस सवाल पर एक AAP पदाधिकारी का बयान सामने आया है। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

Krishna Bihari Singh भाषा, नई दिल्लीTue, 17 Sep 2024 05:01 PM
share Share

अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वह अगले कुछ हफ्ते में सिविल लाइंस स्थित अपना सरकारी बंगला खाली कर देंगे। आम आदमी पार्टी (आप) के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। पदाधिकारी ने कहा कि सरकारी आवास छोड़ने के बाद केजरीवाल और उनका परिवार दिल्ली में ही रहेगा। उनके लिए उपयुक्त आवास की तलाश जारी है।

नियमों के अनुसार, केजरीवाल को अपने इस्तीफे के एक महीने के भीतर सरकारी बंगला खाली करना होगा। रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के अपने फैसले की घोषणा करते हुए, केजरीवाल ने भाजपा पर कीचड़ उछालने और बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने दिल्ली की जनता से यह तय करने को कहा कि वह ईमानदार हैं या नहीं।

भाजपा आरोप लगाती रही है कि इसका नवीनीकरण केजरीवाल ने सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये खर्च करके कराया। इसमें नियमों का उल्लंघन किया गया। बता दें कि दिसंबर 2013 में पहली बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने से पहले केजरीवाल गाजियाबाद के कौशाम्बी इलाके में रहते थे। मुख्यमंत्री के तौर पर वह मध्य दिल्ली के तिलक लेन स्थित आवास में रहे।

फरवरी 2015 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी के भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापस आने के बाद वह उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित आवास में रहने चले गए थे।

इस बीच भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने से AAP का चरित्र नहीं बदलेगा। केजरीवाल की पार्टी दिल्ली में 10 साल के शासन के दौरान हुए भ्रष्टाचार के लिए अभी भी जवाबदेह है। भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि नए मुख्यमंत्री को बताना होगा कि उन्होंने दिल्ली के लोगों को कैसे लूटा। आम आदमी पार्टी की सरकार ने हर विभाग में भ्रष्टाचार किया है। अब जनता उन्हें जवाब देगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें