Hindi Newsएनसीआर न्यूज़arvind kejriwal not appeared in sonipat court yamuna poison claim case

यमुना में जहर वाली बात पर अदालत बुलाए गए थे केजरीवाल, काट गए कन्नी

दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान हरियाणा के रास्ते दिल्ली जाने वाली यमुना नदी में जहर मिलने के आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के बयान पर उनके खिलाफ हरियाणा की सोनीपत कोर्ट में केस दर्ज हुआ था।

Sudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीMon, 17 Feb 2025 02:26 PM
share Share
Follow Us on
यमुना में जहर वाली बात पर अदालत बुलाए गए थे केजरीवाल, काट गए कन्नी

दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान हरियाणा के रास्ते दिल्ली जाने वाली यमुना नदी में जहर मिलने के आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के बयान पर उनके खिलाफ हरियाणा की सोनीपत कोर्ट में केस दर्ज हुआ था। आज केजरीवाल को सीजेएम नेहा गोयल के सामने पेश होना था, लेकिन वह कोर्ट में पेश नहीं हुए हैं। उनके वकील के माध्यम से वकालतनामा कोर्ट के सामने पेश किया गया। अगली सुनवाई 20 मार्च को दोबारा सोनीपत की कोर्ट में होगी। केजरीवाल को कोर्ट रूम नंबर 9 में नेहा गोयल सीजेएम के सामने पेश होना था। जिसको लेकर पुलिस प्रशासन भी काफी अलर्ट था लेकिन केजरीवाल के वकील की तरफ से वकालत नामा दिया गया है।

सोनीपत की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा गोयल की अदालत ने इस मामले में केजरीवाल को 29 जनवरी को नोटिस जारी किया था। अदालत ने कहा था, 'उन्हें (केजरीवाल) अगली सुनवाई की तारीख पर इस अदालत के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया जाता है, अगर उन्हें इस मामले में कुछ कहना है। अगर वह अगली सुनवाई की तारीख पर इस अदालत के समक्ष पेश नहीं होते हैं, तो यह माना जाएगा कि उन्हें इस मामले में कुछ नहीं कहना है और आगे की कार्यवाही कानून के अनुसार की जाएगी।'

हरियाणा सरकार ने किया है केस

यमुना नदी के पानी में जहर मिलाने संबंधी अरविंद केजरीवाल के बयान पर हरियाणा सरकार ने आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 2-डी और 54 के तहत दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विरुद्ध सोनीपत के सीजेएम नेहा गोयल की अदालत में केस दायर किया है। वाटर सर्विस डिविजन राई के कार्यकारी अभियंता आशीष कौशिक की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।

हरियाणा सरकार ने केजरीवाल के बयान को गैर-जिम्मेदाराना और भ्रामक बताया था

हरियाणा सरकार ने केजरीवाल के बयान को गैर-जिम्मेदाराना और भ्रामक बताया था। इस तरह के आरोप बिना किसी ठोस सबूत के लगाए गए हैं, जिससे जनता में भय और असमंजस की स्थिति पैदा हो सकती है।

हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने कहा था कि राज्य सरकार यमुना के जल की गुणवत्ता को लेकर पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। यह आम आदमी पार्टी के नेताओं का राजनीतिक षड्यंत्र है। इसके बाद दिल्ली चुनाव में यमुना का जल बड़ा मुद्दा बन गया था। सीएम नायब सैनी ने कई जगह जा कर यमुना नदी का पानी पिया था और अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला था।

क्या कहा था केजरीवाल ने?

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने 27 जनवरी को हरियाणा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी में जहर मिला दिया है। उन्होंने कहा था कि अगर दिल्ली जल बोर्ड ने जहर नहीं पकड़ा होता, तो सामूहिक नरसंहार हो सकता था।

रिपोर्ट- मोनी देवी

अगला लेखऐप पर पढ़ें