अरविंद केजरीवाल ने दी दिल्ली की होने वाली मुख्यमंत्री को बधाई, एक बात की उम्मीद जताई
- दिल्ली की होने वाली मुख्यमंत्री के चेहरे से बुधवार रात को उस वक्त पर्दा हट गया, जब भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों ने शालीमार बाग की MLA रेखा गुप्ता को विधायक दल का नेता चुन लिया गया।

भारतीय जनता पार्टी की विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। बुधवार रात हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें पार्टी विधायकों ने अपना नेता चुन लिया। उधर उनके नाम पर मुहर लगने के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने भी उन्हें बधाई दी है। केजरीवाल ने इस बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया दी और उनका पूरा सहयोग करने की बात कही।
दिल्ली की होने वाली मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए केजरीवाल ने लिखा, 'दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर रेखा गुप्ता जी को बहुत-बहुत बधाई। मैं उम्मीद करता हूँ कि दिल्ली की जनता को किए गए सारे वादे वे पूरे करेंगी। दिल्ली की जनता के विकास और भले के हर कार्य में हम उन्हें सहयोग करेंगे।'
इससे पहले दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में शालीमार बाग सीट से विधायक रेखा गुप्ता को सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल की नेता चुना गया। वो इस सीट से पहली बार विधायक बनी हैं। उनका जन्म हरियाणा में हुआ था और वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी रही हैं।
विधायक दल की बैठक में पार्टी के सभी 48 विधायक मौजूद थे। विधायक दल की बैठक के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने घोषणा की कि रेखा गुप्ता को सर्वसम्मति से विधायक दल की नेता चुना गया है। भाजपा संसदीय बोर्ड ने प्रसाद और राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। (भाषा इनपुट के साथ)