Hindi Newsदेश न्यूज़Woman accuses Rajasthan minister son of hit me and make obscene videos - India Hindi News

'मुझे मारा और अश्लील वीडियो बनाए' राजस्थान के मंत्री के बेटे पर महिला ने लगाए रेप के आरोप

राजस्थान के मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी ने पिछले साल जयपुर और दिल्ली में 23 वर्षीय एक महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया था। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी है।

Himanshu लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली।Mon, 9 May 2022 01:31 AM
share Share

राजस्थान के मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी ने पिछले साल जयपुर और दिल्ली में 23 वर्षीय एक महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया था। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी है। कांग्रेस नेता के बेटे के खिलाफ दर्ज एक प्राथमिकी के अनुसार, जयपुर की महिला के साथ 8 जनवरी, 2021 और 17 अप्रैल, 2022 के बीच कई मौकों पर बलात्कार किया गया था।

उत्तरी दिल्ली में बलात्कार, नशीले पदार्थों से चोट पहुंचाने, गर्भपात करने, शादी के लिए मजबूर करने के लिए एक महिला का अपहरण करने, अप्राकृतिक अपराध, आपराधिक धमकी और छेड़छाड़ के आरोपों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

महिला के आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि वह पिछले साल फेसबुक के जरिए मंत्री के बेटे से मिली थी। दोनों जयपुर में मिले थे। 8 जनवरी, 2021 को राजस्थान के सवाई माधोपुर में उसे आमंत्रित किया गया। प्राथमिकी के अनुसार महिला ने कहा, "मेरे ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाया गया। अगले दिन जब मैं उठी तो उसने मुझे अपनी तस्वीरें और वीडियो दिखाए, जिसमें मैं नग्न अवस्था में थी। मैं चिंतित हो गई और रोने लगी।"

महिला ने प्राथमिकी में कहा, "उसने मुझे एक होटल में रुकवाया, जहां उसने हमारे नाम पति-पत्नी के रूप में दर्ज करवाए। फिर उसने मुझसे शादी करने का वादा किया, लेकिन फिर वह नशे में धुत हो गया और मेरे साथ गाली-गलौज करता था। मेरे साथ अश्लील वीडियो बनाता था। वह उन्हें अपलोड करने और वायरल करने की धमकी देता था।”

महिला ने कहा है, "पिछले साल 11 अगस्त को मुझे पता चला कि मैं उसके बच्चे की मां बनने वाली हूं। उसने कहा कि उसे बच्चा नहीं हो सकता। उसने मुझे एक गोली लेने के लिए मजबूर किया, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया।" महिला के मुताबिक आरोपी ने दिल्ली और जयपुर में कई मौकों पर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने कथित तौर पर उसे उससे शादी करने के लिए भी मजबूर किया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने राजस्थान पुलिस को इस बारे में सूचित कर दिया है और वे आगे की जांच करेंगे।

मंत्री की क्या थी प्रतिक्रिया?
राजस्थान के मंत्री प्रमोद जैन भाया ने महेश जोशी के बेटे पर लगे बलात्कार के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "राजनीति में आरोप और प्रतिवाद करना आम बात है।"
इस बीच, महेश जोशी ने इंडिया टुडे को बताया कि वह जयपुर छोड़ चुके हैं और अगले दिन लौट आएंगे। उनके बेटे रोहित ने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया।
दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए मामले की जानकारी होने का दावा किया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें