Todays Chanakya Himachal Pradesh Exit Poll: हिमाचल में 'टुडेज चाणक्या' के एग्जिट पोल ने चौंकाया, आंकड़े देखकर पता चलेगा कितनी टफ है फाइट
Himachal Exit Poll: तमाम सर्वे एजेंसियों की तरह टुडेज चाणक्याा ने भी हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए एग्जिट पोल किया है। पोल के अनुसार, हिमाचल में बीजेपी और कांग्रेस को 33-33 बराबर सीटें दी गई हैं।

Todays Chanakya Himachal Pradesh Exit Poll 2022: हिमाचल प्रदेश की सभी 68 सीटों पर 12 नवंबर को मतदान हुए थे, जिसके बाद अब नतीजों का इंतजार किया जा रहा है। आठ दिसंबर को गुजरात के साथ हिमाचल विधानसभा चुनाव के नतीजों की भी घोषणा की जाएगी। उससे पहले सोमवार की शाम को आए एग्जिट पोल्स ने संकेत दिया है कि राज्य में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है। दोनों पार्टियों के बीच टक्कर इस कदर है कि दोनों ही दलों को टुडेज चाणक्या सर्वे एजेंसी ने बराबर सीटें दी हैं। इन आंकड़ों ने लोगों को चौंका दिया है। दरअसल, पहाड़ी राज्य में लोग मानकर चल रहे थे कि फाइट टफ हो सकती है, लेकिन कांग्रेस-बीजेपी के बीच बराबर सीटें और बराबर का वोट बंटेगा, यह शायद ही किसी ने सोचा होगा। मालूम हो कि पिछले कई विधानसभा और लोकसभा चुनावों का टुडेज चाणक्या ने सही एग्जिट पोल बताया है। इसकी वजह से लोगों के मन में हर चुनाव में टुडेज चाणक्याा के एग्जिट पोल को लेकर काफी उत्सुकता बनी रहती है।
हिमाचल में क्या है टुडेज चाणक्याा का अनुमान?
तमाम सर्वे एजेंसियों की तरह टुडेज चाणक्याा ने भी हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए एग्जिट पोल किया है। पोल के अनुसार, हिमाचल में बीजेपी और कांग्रेस को 33-33 बराबर सीटें दी गई हैं। न्यूज 24-टुडेज चाणक्या के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में अन्य के खाते में भी दो सीटें जा सकती हैं। वोट शेयर की बात करें तो यहां भी बराबर की टक्कर है। बीजेपी और कांग्रेस, दोनों को 42-42 फीसदी वोट मिल सकते हैं। प्लस-माइनस तीन फीसदी का रखा गया है। अन्य को 16 फीसदी वोट मिल सकते हैं।
हिमाचल के लिए क्या कहते हैं अन्य एग्जिट पोल?
आजतक-एक्सिस माय इंडिया एग्जिट पोल के अनुसार, हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बन सकती है। 30-40 सीटें पार्टी जीत सकती है। वहीं, बीजेपी के खाते में 24-34 सीटें जा सकती हैं। अन्य के खाते में 4-8 सीटें जाने का अनुमान है। एबीपी न्यूज-सी वोटर की बात करें तो बीजेपी को 33-41, कांग्रेस को 24-32 सीटें मिलने का अनुमान है। रिपब्लिक-पी मार्क एग्जिट पोल के अनुसार, बीजेपी के खाते में 34-39 सीटें जा सकती हैं। कांग्रेस को 28-33 सीटें मिलने का अनुमान है। टाइम्स नाउ-ईटीजी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में बीजेपी के खाते में 34-42, कांग्रेस के खाते में 24-32 सीटें जाने का अनुमान है।
हिमाचल में 2017 में क्या थे नतीजे
68 सीटों वाली विधानसभा में 2017 में भाजपा ने 44 सीटें जीती थीं। यहां बहुमत का जादुई आंकड़ा 35 ही था। इस हिसाब से अच्छे मार्जिन से भाजपा ने सरकार बनाई थी। वहीं भाजपा के स्टार कैंडिडेट और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सुजानपुर सीट से चुनाव हार गए थे। बाद में हिमाचल में जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाया गया। इस बार भी धूमल को टिकट नहीं दिया गया था। क्षेत्रवार स्थिति देखें तो 2017 में चंबा में भाजपा को 15, कांग्रेस को 4 और अन्य को 1 सीट पर जीत हासिल हुई थी। कुल्लू की 15 सीटों में से भाजपा को 13, कांग्रेस को 1 और अन्य को 1 सीट मिली थी। मैदानी 14 सीटों में भाजपा को 9 और कांग्रेस को 5 सीट पर जीत मिली थी। शिमला की 19 सीटों में से भाजपा को 6, कांग्रेस को 12 और अन्य को एक सीट मिली थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।