Notification Icon
Hindi Newsदेश न्यूज़sudha murty becomes rajya sabha member pm narendra modi announced - India Hindi News

सुधा मूर्ति बनीं राज्यसभा सांसद, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया मनोनीत; महिला दिवस के मौके पर PM मोदी ने बताया

इन्फोसिस के फाउंडर नारायणमूर्ति की पत्नी सुधा मूर्ति अब राज्यसभा में दिखाई देंगी। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है। पीएम मोदी ने खुद इसकी जानकारी दी है।

Surya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 8 March 2024 07:59 AM
share Share

इन्फोसिस के फाउंडर नारायणमूर्ति की पत्नी सुधा मूर्ति अब राज्यसभा में दिखाई देंगी। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने खुद इसकी जानकारी अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करके दी है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, 'मुझे खुशी है कि भारत की राष्ट्रपति ने सुधा मूर्ति को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। सुधा जी का सामाजिक कार्यों, वंचितों के लिए आर्थिक मदद और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान है। जो हम सभी को प्रेरणा देता है।' 

इसके आगे पीएम नरेंद्र मोदी लिखते हैं, 'सुधा मूर्ति की राज्यसभा में मौजूदगी नारी शक्ति का सम्मान होगी। यह उदाहरण होगा कि महिलाओं ने कैसे भारत के भविष्य को तैयार करने में अपना योगदान दिया है।' 73 वर्षीय सुधा मूर्ति पेशे से एक इंजीनियर हैं और लेखक भी हैं। उन्हें पद्मश्री सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। वह इन्फोसिस फाउंडेशन की अध्यक्ष के तौर पर भी काम कर रही हैं। यह फाउंडेशन सेवा कार्यों में योगदान देता है और बड़े पैमाने पर फंडिंग भी करता रहा है। सुधा मूर्ति ने राज्यसभा में अपने मनोनयन पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मैं देश में नहीं हूं, लेकिम महिला दिवस पर मिले इस सम्मान के लिए आभारी हूं।

सुधा मूर्ति देश की उन प्रतिष्ठित महिलाओं में से एक हैं, जिनका कारोबार में भी बड़ा योगदान रहा है। कई टीवी कार्यक्रमों में वह इंफोसिस की स्थापना की कहानी भी बता चुकी है। उन्होंने बताया था कि कैसे उन्होंने 10 हजार रुपये की रकम अपने पति नारायणमूर्ति को उधार दी थी और उसी से इंफोसिस की स्थापना की गई थी। सुधा मूर्ति और नारायणमूर्ति के दो बच्चे हैं। बता दें कि उनकी बेटी अक्षता मूर्ति ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक की पत्नी हैं। कुछ महीने पहले ही दोनों ने जी-20 समिट के दौरान भारत का दौर किया था और अक्षरधाम मंदिर भी गए थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें