Hindi Newsदेश न्यूज़Shashi Tharoor Congress presidential election Mallikarjun Kharge Congress revival begun today - India Hindi News

'आज से शुरू होगा पार्टी का पुनरुद्धार', कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव हारने के बाद और क्या बोले शशि थरूर?

अध्‍यक्ष पद के लिए 17 अक्‍टूबर को विभिन्‍न राज्‍यों में बने बूथ पर वोट डाले गए थे। करीब 9500 सदस्यों ने मतदान प्रक्रिया में हिस्‍सा लिया था। कांग्रेस ने 96 फीसद तक वोटिंग होने का दावा किया था।

Amit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 19 Oct 2022 11:01 AM
share Share

कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव हारने के तुरंत बाद शशि थरूर ने बयान जारी कर खड़गे और सोनिया की खूब तारीफ की है। शशि थरूर ने अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने वाले उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे की तारीफ करते हुए उन्हें बधाई दी है। थरूर ने कहा कि उन्हें लगता है कि पार्टी का पुनरुद्धार "सही मायने में आज शुरू हो गया है।" उन्होंने कहा कि नए पार्टी अध्यक्ष एक सहयोगी और वरिष्ठ नेता हैं "जिनके पास पर्याप्त नेतृत्व की क्षमता और अनुभव है।" थरूर ने विश्वास व्यक्त किया कि खड़गे के मार्गदर्शन में, "हम सभी सामूहिक रूप से पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं"। उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी पार्टी में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया।

थरूर ने ट्वीट किया, "कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष  बनना एक बहुत बड़ा सम्मान और एक बड़ी जिम्मेदारी है। मैं इस काम में पूरी सफलता के वास्ते खड़गे जी के लिए कामना करता हूं। एक हजार से अधिक सहयोगियों का समर्थन प्राप्त करना, और पूरे भारत में कांग्रेस के इतने शुभचिंतकों की आशाओं और आकांक्षाओं को आगे बढ़ाना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी।" चुनाव में खड़गे को जहां 7,897 मत मिले, वहीं थरूर को 1,072 मत मिले।

चुनाव परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद, खड़गे को बधाई देने के लिए थरूर उनके आवास पर गए। उन्होंने बाद में ट्वीट किया: "हमारे नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई देने और उन्हें अपना पूरा सहयोग देने के लिए उनसे मिला। हमारे चुनाव से कांग्रेस मजबूत हुई है।"

थरूर ने कहा कि यह लोकतांत्रिक मुकाबला था जिस वजह से पार्टी में सभी स्तरों पर स्वस्थ और रचनात्मक बहस हुई और यह भविष्य में पार्टी के लिए बेहतर रहेगा। उन्होंने एक बयान में यह भी कहा कि कांग्रेस के मजबूत होने का सिलसिला आरंभ हो चुका है। थरूर के अनुसार, नेहरू-गांधी परिवार का कांग्रेस सदस्यों के दिलों में हमेशा एक विशेष स्थान रहा है और आगे भी रहेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरी आशा है और विश्वास है कि यह परिवार कांग्रेस, हमारी नैतिक चेतना और मार्गदर्शन करने वाली भावना का मूल स्तंभ बना रहेगा।’’ सोनिया गांधी के योगदान की तारीफ करते हुए थरूर ने कहा कि पार्टी पर उनका ऐसा कर्ज है जिसे कभी चुकाया नहीं जा सकता। थरूर ने कहा, ‘‘अंतिम फैसला खरगे के पक्ष में रहा, कांग्रेस चुनाव में उनकी जीत के लिए मैं उन्हें हार्दिक बधाई देना चाहता हूं।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस का अध्यक्ष बनना बड़े सम्मान, बड़ी जिम्मेदारी की बात है, मैं मल्लिकार्जुन खरगे को इस चुनाव में उनकी सफलता के लिए बधाई देता हूं ’’ उनका यह भी कहना था कि कांग्रेस के सभी लोग सर्वाधिक संकटपूर्ण स्थितियों में पार्टी का संबल बने रहने और नेतृत्व प्रदान करने के लिए निवर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के ऋणी हैं। थरूर ने कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष पद का स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने में अपना योगदान देने के लिए मैं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी का धन्यवाद करता हूं।’’

कांग्रेस अध्‍यक्ष पद के लिए 17 अक्‍टूबर को विभिन्‍न राज्‍यों में बने बूथ पर वोट डाले गए थे। करीब  9500 सदस्यों ने मतदान प्रक्रिया में हिस्‍सा लिया था। कांग्रेस के चुनाव पदाधिकारियों ने 96 फीसद तक वोटिंग होने का दावा किया था। जिसके बाद कांग्रेस कार्यालय में मतगणना प्रक्रिया आज यानी 19 अक्टूबर को शुरू हुई थी। सभी प्रदेशों से आए मतपत्रों को एकसाथ मिलाकर मतगणना की गई। चौबीस साल बाद गांधी परिवार के बाहर कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना गया है। कांग्रेस पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ।
 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें