Hindi Newsदेश न्यूज़rahul gandhi pm modi arvind kejriwal gujarat himachal mcd election public blessed everyone - India Hindi News

मोदी, राहुल, केजरीवाल...इस बार जनता जनार्दन ने सबको दिया आशीर्वाद

इस बार चुनाव कुछ इस तरह हुए कि जनता ने किसी को निराश ही नहीं किया। गुजरात में भाजपा को जीत मिली तो हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को बहुमत मिल रहा है। वहीं दिल्ली एमसीडी में केजरीवाल को जीत मिली।

Ankit Ojha लाइव हिंदुस्तान, नई दिल्लीThu, 8 Dec 2022 09:58 AM
share Share

गुजरात और हिमाचल विधानसभा चुनाव के परिणाम लगभग साफ हो चुके हैं। स्पष्ट हो गया है कि गुजरात में भाजपा बड़े बहुमत से सरकार बना रही है। वहीं हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने इस बार भाजपा को पटखनी देकर रिवाज कायम रखा है। हिमाचल प्रदेश में हर पांच साल में सत्ता परिवर्तन होता रहा है और इस बार भी भाजपा को गद्दी से उतारकर कांग्रेस सत्ता की सवारी करने को तैयार है। हिमाचल प्रदेश और गुजरात में आम आदमी पार्टी के सभी दावे फेल हो गए। हालांकि जनता जनार्दन ने इस बार किसी को निराश नहीं किया है। दिल्ली में एमसीडी चुनाव में जनता जनार्दन का आशीर्वाद आम आदमी पार्टी पर भी बना रहा। 

गुजरात में चला मोदी का जादू
गुजरात में इस बार भाजपा 155 से ज्यादा सीटें जीत सकती हैं। 182 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए केवल 92 सीटों की जरूरत थी। हालांकि भाजपा ने बड़ी जीत साहिल की है और आम आदमी पार्टी के दावों को फेल कर दिया है। हालांकि आम आदमी पार्टी का असर कांग्रेस पर जरूर दिखाई दे रहा है। गुजरात में कांग्रेस केवल 16 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। वहीं आम आदमी पार्टी पांच सीटों पर ही बढ़त बना पाई है। बता दें कि चुनाव प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी भी गुजरात में सरकार बनाने के दावे पेश कर रही थी। हालांकि यहां मोदी मैजिक कायम रहा और भाजपा ने प्रचंड  जीत हासिल कर ली है। 

हिमाचल में कायम रहा रिवाज
हिमाचल प्रदेश में राज बदल गया है लेकिन रिवाज कायम है। यहां हर पांच साल के बाद सत्ता का परिवर्तन होता है। इसी तरह इस बार भी भाजपा के बाद कांग्रेस को अवसर मिल रहा है। हिमाचल की बात करें तो सारे ही एग्जिट पोल यहां फेल हो गए हैं। एग्जिट पोल्स में भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर जरूर बताई जा रही थी लेकिन कांग्रेस के सरकार बनाने की संभावनाएँ कम ही बताई जा रही थी। केवल टुडेज चाणक्या ने ही दोनों को बराबर सीटें दी थीं। हालांकि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को 39 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। वहीं भाजपा पिछड़कर 26 पर है। तस्वीर ज्यादा नहीं बदलने वाली है। यहां आम आदमी पार्टी को एक भी सीट नहीं हासिल हो रही है। 

एमसीडी में चली केजरीवाल की झाड़ू
गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भले ही आम आदमी पार्टी को निराशा मिली है लेकिन राजधानी दिल्ली ने 15 साल से एमसीडी पर काबिज भाजपा को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। एमसीडी में केजरीवाल के 134 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है और भाजपा के 104 प्रत्याशी जीते हैं। जनता ने आम आदमी पार्टी को स्पष्ट बहुमत दे दिया है। इसके साथ ही दिल्ली में छोटी सरकार भी आप ने ही बना ली है। इसे भाजपा के लिए बड़ा झटका बताया जा रहा है। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें