राहुल गांधी पर मीम्स बनाने वाले अपने गिरेबां में झांकें, हिमाचल CM सुखविंदर सुक्खू ने किया बचाव
सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी पर मीम्स बनाने वाले लोगों को अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी के परिवार ने कुर्बानी दी है। उन पर सवाल उठाने वाले खुद को देखें।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने तवांग में भारतीय सेना के जवानों की 'पिटाई' होने की बात कहने वाले अपने नेता राहुल गांधी का बचाव किया है। एक टीवी इंटरव्यू में सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी पर मीम्स बनाने वाले लोगों को अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी के परिवार ने कुर्बानी दी है और उन पर इस तरह से सवाल उठाने वालों को अपने गिरेबां में झांक लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने तवांग के मुद्दे पर कुछ गलत नहीं कहा। उनके सवाल पर ही सवाल उठाए जा रहे हैं, जो गलत है। राहुल गांधी ने तो यही कहा था कि तवांग में चीन से निपटने पर फोकस किया जाए।
यही नहीं सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश की राजनीति को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि राज्य में अपनी जीत का श्रेय मैं राहुल गांधी को देना चाहूंगा। हिमाचल के सीएम ने प्रतिभा सिंह की ओर से सीएम पद की मांग करने और फिर बगावत की आशंका को लेकर कहा कि ऐसा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह ने मेरे खिलाफ एक शब्द भी नहीं कहा। कुल 40 लोगों ने नारेबाजी जरूर की थी और वह अपने हक की मांग कर रहे थे। लोकतंत्र में किसी को भी इसका हक है। यही नहीं उन्होंने भाजपा के ऑपरेशन लोटस की चुनौती को लेकर कहा कि भाजपा भले ही देश भर में कांग्रेस को तोड़ती है, लेकिन यहां तो वह खुद ही टूट जाएगी।
सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि हिमाचल की भाजपा में बहुत घुटन है। क्या वह भगवा दल को तोड़ने की रणनीति पर काम कर रहे हैं? इसके जवाब में सुक्खू ने कहा कि हम भाजपा को तोड़ेंगे नहीं बल्कि वहां की घुटन के ऑक्सीजन दे रहे हैं। इस बीच सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दूसरे राज्यों में भी कांग्रेस को जीत का फॉर्मूला दिया। उन्होंने कहा कि हम यहां सामूहिक तौर पर लड़े थे। हर कोई पूछ रहा था कि दूल्हा कौन होगा। अरे, जब बाराती आ गए तो दूल्हा भी तय हो गया। उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से तो पहले सीएम का फेस घोषित ही नहीं करना चाहिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।