Hindi Newsदेश न्यूज़now aam aadmi party gives setback to bjp in himachal pradesh - India Hindi News

अब हिमाचल में आम आदमी पार्टी ने किया भाजपा पर पलटवार, दलित नेता की कराई एंट्री

हिमाचल प्रदेश में भाजपा के हाथों कई झटके झेलने के बाद अब आम आदमी पार्टी ने भी उस पर पलटवार किया है। उसके हिमाचल के प्रदेश अध्यक्ष और महिला मोर्चा अध्यक्ष ही भाजपा में शामिल हो गए थे।

Surya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 13 April 2022 07:38 AM
share Share

हिमाचल प्रदेश में भाजपा के हाथों कई झटके झेलने के बाद अब आम आदमी पार्टी ने भी उस पर पलटवार किया है। हिमाचल के प्रदेश अध्यक्ष और महिला मोर्चा अध्यक्ष ही भाजपा में शामिल हो गए थे और इसके बाद आम आदमी पार्टी ने पूरी यूनिट ही भंग कर दी थी। अब आम आदमी पार्टी ने भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हरमेल धीमान को पार्टी जॉइन कराई है। वह हिमाचल भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष भी थे। वह बुधवार को दिल्ली में सत्येंद्र जैन की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। हालांकि हरमेल धीमान हिमाचल भाजपा में बड़ा नाम नहीं हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में उनकी जॉइनिंग कराके एक संदेश देने का प्रयास जरूर किया है।

इससे पहले सोमवार को ही हिमाचल प्रदेश की आम आदमी पार्टी की महिला मोर्चा की प्रमुख ममता ठाकुर, उपाध्यक्ष संगीता, सोशल मीडिया उपाध्यक्ष आशीष कुमार और डीके त्यागी भाजपा में आ गए थे। इससे पहले 8 अप्रैल को भी भाजपा ने आप को बड़ा झटका देते हुए प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी को ही तोड़ लिया था। यह कितना बड़ा झटका था, इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि आम आदमी पार्टी ने इसके बाद अपनी हिमाचल यूनिट को ही भंग कर दिया था। पार्टी का कहना था कि वह अब योग्यता के अधारा पर संगठन को दोबारा से खड़ा करेगी। 

आम आदमी पार्टी का कहना था कि उसने स्टेट यूनिट को भंग किया है, लेकिन विधानसभा के स्तर पर संगठन का कामकाज पहले की तरह ही जारी रहेगा। राज्य में इसी साल नवंबर में गुजरात के साथ ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और उससे पहले आम आदमी पार्टी पूरी जोर लगा रही है। उसे उम्मीद है कि पंजाब में उसे बड़ी सफलता मिली थी और अब हिमाचल में भी अच्छा रेस्पॉन्स मिल सकता है। दरअसल हिमाचल पंजाब से सटा हुआ राज्य है। ऐसे में आम आदमी पार्टी को उम्मीद है कि पंजाब का असर उसे यहां देखने को मिल सकता है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें