MCD चुनाव में 'साइलेंट' नहीं रहेगी कांग्रेस, मल्लिकार्जुन खड़गे आज करेंगे जनसंपर्क
MCD Election: दिल्ली का यह आगामी चुनाव कांग्रेस को शहर से भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के दबदबे को कम करने का मौका दे सकता है। पार्टी ने शनिवार को 'विजन डॉक्यूमेंट' जारी किया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जमीन पर पार्टी को मजबूत करने की कवायद कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने सोमवार को जनसंपर्क सत्र आयोजित करने का फैसला किया है। इस दौरान वह जनता से उनकी परेशानियां जानेंगे। खास बात है कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस ने दिल्ली नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं।
AICC सचिव प्रणव झा ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में बताया, 'जनसंपर्क सत्र कल आयोजित होगा, जहां कांग्रेस अध्यक्ष सदस्यों को अपनी बात रखने का मौका देंगे। कोई भी खड़गे जी से उनके दफ्तर में मिल सकता है और अपने विचार सामने रख सकता है।' जनसभा राजधानी दिल्ली स्थित AICC कार्यालय में सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर को 1 बजे तक होगी।
MCD के लिए कांग्रेस तैयार
दिल्ली का यह आगामी चुनाव कांग्रेस को शहर से भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के दबदबे को कम करने का मौका दे सकता है। पार्टी ने शनिवार को 'विजन डॉक्यूमेंट' जारी किया। पार्टी के घोषणापत्र का नाम 'कांग्रेस विजन एमसीडी - मेरी चमकती दिल्ली' है। पार्टी ने इसमें पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की तरफ से किए गए कामों को शामिल किया है।
14 नवंबर को ही कांग्रेस ने 249 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। इनमें 129 महिलाएं हैं। पार्टी ने चार मौजूदा पार्षदों को मैदान में उतारा है। खास बात है कि बीते चुनाव में कांग्रेस 30 वार्ड में जीत के साथ भाजपा और आप के बाद तीसरे स्थान पर रही थी।
इधर, गुजरात में भी कांग्रेस बड़े संपर्क अभियान की शुरुआत पर विचार कर रही है। वहीं, कन्याकुमारी से जम्मू-कश्मीर तक 'भारत जोड़ो' यात्रा की अगुवाई कर रहे पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी समय निकालकर गुजरात पहुंच रहे हैं। वह सोमवार को विधानसभआ चुनाव के लिए रैलियों को संबोधित करेंगे। खास बात है कि गुजरात में अब तक कांग्रेस का प्रचार धीमा नजर आया है। हालांकि, नेताओं का कहना है कि पार्टी का प्रचार अभियान जारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।